माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। मतदान के बाद करनाल, इंद्री, नीलोखेड़ी, असंध और तरावड़ी की ईवीएम को संबंधित क्षेत्र में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच रख गया है। ईवीएम को लेकर अक्सर सवाल उठते हैं, जिसे देखते हुए स्ट्राॅन्ग रूम में दो लेयर की कड़ी सुरक्षा की गई है। साथ ही सीसीटीवी की निगरानी में रखा गया है। मतगणना 12 मार्च को होगी, जिसकी तैयारी प्रशासन की ओर से शुरू कर दी गई है।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त उत्तम सिंह ने बताया कि मतदान की समाप्ति के बाद कड़ी सुरक्षा के बीच सभी ईवीएम को स्ट्राॅन्ग रूम में रखा गया है। इन स्ट्राॅन्ग रूम में दो लेयर की सुरक्षा व्यवस्था है, जिसमें हरियाणा पुलिस के कर्मी लगाए गए हैं। स्ट्रान्ग रूम में सीसीटीवी भी लगाए गए हैं, जिनकी स्क्रीन स्ट्राॅन्ग रूम के बाहर रखी गई है। उम्मीदवार व उनके एजेंट इस स्क्रीन पर स्ट्राॅन्ग रूम को देख सकते हैं।
स्ट्राॅन्ग रूम में ईवीएम की सुरक्षा को लेकर जिला प्रशासन की ओर से ड्यूटी मजिस्ट्रेट भी नियुक्त किए गए हैं। इसके अलावा पुलिस विभाग की ओर से भी स्ट्रांग रूम के लिए प्रभारी अधिकारी व सहायक अधिकारी नियुक्त किए गए हैं, जिनकी स्ट्राॅन्ग रूमों पर कड़ी नजर है। मतगणना के लिए तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। मतगणना में लगे स्टाफ की रेंडमाइजेशन की जाएगी। इसके साथ-साथ उनका प्रशिक्षण भी होगा। 12 मार्च को मतगणना शुरू होगी। रिटर्निंग अधिकारियों को भी इसमें लगाया है।