संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। 18 साल की उम्र में जुर्म की दुनिया में कदम रखने वाले अर्जुन 50 साल की उम्र तक 60 बार जेल जा चुका है। उसे 2 मार्च की रात को पुरानी सब्जी मंडी की नेता जी सुभाष मार्केट स्थित अप्सरा साड़ी इंपोरियम से 17 लाख की साड़ियों की चोरी के मामले में गिरफ्तार किया गया है। जेल से छूटने के बाद वह हर बार नए इलाके में वारदात को अंजाम देता था। पुलिस ने अंबाला में किराए की दुकान में छिपाई गई चोरी की हुई साड़ियां बरामद की हैं। इसके अलावा जालंधर से वारदात में प्रयोग की गाड़ी भी बरामद कर ली हैं।
जालंधर निवासी चोरी के आरोपी अर्जुन शर्मा से पुलिस रिमांड के दाैरान खुलासा हुआ कि आरोपी अकेला ही हर बार नई जगह पर वारदात को अंजाम देता था। इसके लिए एक दिन पहले रेकी करता। उस पर हत्या लूट, छीना झपटी, वाहन चोरी, दुकानों में चोरी सहित अन्य करीब 60 आपराधिक प्राथमिकी दर्ज है। सभी में वह जेल जा चुका है। जमानत पर छूटने के बाद फिर से वारदात को अंजाम दे देता है। हाल में 16 मामले अलग-अलग कोर्ट में विचाराधीन है। पुलिस आरोपी का रिमांड खत्म होने के बाद बुधवार को उसे अदालत में पेश करेगी।
-
किराए की दुकान मे छिपाया सामान
13 मई, 2025 को आरोपी ने पंजाब बठिंडा के रामपुरफूल एरिया से स्विफ्ट गाड़ी चोरी की थी। दो मार्च को करनाल में इसी गाड़ी में आया था और रात को लाखों रुपये की साड़ी चोरी कर ली। आरोपी ने इन साड़ियों को अंबाला के बराड़ा के होली गांव में ली किराए की दुकान में छिपा दिया। इसके बाद जालंधर भाग गया। सीआईए तीन के प्रभारी अजय ने टीम सहित 18 दिन करनाल, अंबाला, लुधियाना और जालंधर के 300 किलोमीटर के दायरे के सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपी को ट्रैक किया और उसकी पहचान सुनिश्चित की। 22 मार्च को आरोपी को नए बस स्टैंड से गिरफ्तार कर लिया।
-
दुकानों के सीसीटीवी मिले थे बंद
सुभाष मार्केट में जिस दुकान में चोरी हुई है वहां आसपास की सभी दुकानों के सीसीटीवी कैमरे बंद मिले थे। पुलिस के अनुसार इसलिए आरोपी को ट्रैक करने के लिए ज्यादा मशक्कत करनी पड़ी और समय लगा। डीएसपी राजीव ने दुकानदारों से अपील की कि वे सीसीटीवी कैमरों को चालू रखें। इसके अलावा दुकानों में सेंटर लाॅक भी लगवाएं।