माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। नेहरू पैलेस स्थित सारा ज्वेलर्स के संचालक लवीश के सेक्टर-9 स्थित आवास में वीरवार की शाम को गहने और नकदी लूटने वाले तीनों बदमाश पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। यह हालात तब हैं, जब पुलिस को वारदात की सीसीटीवी फुटेज मिल चुके हैं। पुलिस फिर भी बदमाशों की पहचान नहीं कर पाई है। वारदात के बाद से 48 घंटे बीत गए हैं। हालांकि पुलिस का दावा है कि दबिश दी जा रही है। जल्द बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
वीरवार की शाम को हुई वारदात की सूचना मिलने के बाद रात को शहर के अलावा दूसरे जिलों की ओर जाने वाले रास्तों पर नाकाबंदी की गई थी लेकिन बदमाशों का कोई सुराग नहीं लगा। शुक्रवार और शनिवार को पुलिस ने करनाल से बाहर दिल्ली तक दबिश दी। पुलिस को कोई सफलता नहीं मिली।
सराफ कारोबारी लविश व उनके परिवार का आरोप है कि 26 दिन पहले घरेलू सहायिका के तौर पर घर पर काम पर आई नेपाल की रहने वाली रीमा ने दो अन्य युवकों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया। आरोपियों को घर में बुलाने के बाद बचने के लिए सीसीटीवी बंद किए थे। हालांकि उसे सभी सीसीटीवी कैमरों की जानकारी नहीं थी। ऐसे में अन्य सीसीटीवी में वारदात की तस्वीरें कैद हो गई थीं। पुलिस के अनुसार इन सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पता चला कि बदमाश 25 मिनट में वारदात को अंजाम देकर भाग गए थे। शुक्रवार को पुलिस ने बदमाशों के फुटेज ले लिए थे।
तीसरे दिन भी नहीं बताया, क्या चोरी हुआ
सराफ कारोबारी लविश की ओर से अभी तक नुकसान का आकलन नहीं किया गया है। पुलिस को उनकी ओर से चोरी गए गहनों और नकदी की जानकारी नहीं दी गई है। वारदात के बाद से लविश के घर पर उनके परिचित व रिश्तेदारों का आना-जाना भी शुरू हो गया है। सुरक्षा के लिहाज से घर पर निजी सुरक्षाकर्मी भी तैनात किए गए हैं।
वारदात के समय घर में थे तीन लोग
वीरवार की शाम को घर पर कारोबारी लविश की बुजुर्ग मां और दो नौकनारियां थीं। सीसीटीवी फुटेज के अनुसार शाम 4:22 बजे घर में स्कूटी सवार दो युवक आए। नौकरानी रीमा की मदद से उन्होंने घर में प्रवेश किया। इसके बाद कुछ सीसीटीवी बंद हो गए। आरोपियों ने बुजुर्ग कांता और दूसरी नौकरानी को स्प्रे करके बेहोश कर दिया। उन्होंने अलमारी व लॉकर के ताले तोड़कर गहने और नकदी चोरी किए और भाग गए। शाम को 7:30 बजे के बाद लविश का छोटा बेटा अदृत ट्यूशन से घर आया तो वारदात का पता चला। नौकरानी रीमा भी गायब थी।
आरोपियों के फुटेज मिले हैं। इसके अलावा कुछ अन्य इनपुट भी परिवार की ओर से मिला है। इनके आधार पर पुलिस की अलग-अलग टीमें जांच कर रही हैं। पुलिस टीमें दिल्ली भी गई हुई हैं। जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर लेंगे। - मनोज कुमार, प्रभारी, सेक्टर-32 थाना