संवाद न्यूज एजेंसी
कुंजपुरा। किन्नरों के आपसी विवाद के चलते कुछ युवकों ने लाठी-डंडों और धारदार हथियार से हमला कर दिया। जिसमें चार किन्नर घायल हो गए। मामला बढ़ता देख मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की जानकारी ली। घायल किन्नरों को अस्पताल में भर्ती कराया। जिसमें दो किन्नरों की हालत गंभीर बनी है।
बुधवार को कुंजपुरा थानाक्षेत्र के बयाना डेरे से कुछ किन्नर कुंजपुरा में बधाई मांगने आए थे। आरोप है कि पेट्रोल पंप के निकट कुछ बदमाशों ने तलवार, लाठी से उन पर हमला कर दिया। जिसमें पूजा, दीपा, टीना और सोनी किन्नर घायल हो गए। वारदात के बाद हमलावर मौके से भाग गए। पूजा और डोली की हालत गंभीर है। पुलिस को दी शिकायत में महंत दीपा और टीना ने बताया कि उनका बयाना गांव में डेरा है। जिसकी वह महंत हैं। उनकी बड़ी महंत सोनिया इंद्री डेरे पर बैठती है। कुंजपुरा क्षेत्र के कुछ गांव बधाई मांगने के लिए सोनिया महंत ने दिए हैं। इस इलाके में बधाई मांगते हैं।
इसी क्षेत्र में पानीपत से कुछ किन्नर भी बधाई के लिए आते-जाते हैं। जो किन्नर समाज की परंपरागत रिवाज के मुताबिक गलत माना जाता है। जिसे लेकर बीते कुछ दिनों से उनका विवाद है। बुधवार को वह बधाई मांगने कुंजपुरा आए थे। इसी दौरान तलवार आदि हथियारों से लैस तीन-चार बदमाशों ने उन पर हमला कर दिया। उन्होंने पानीपत के किन्नरों पर हमला कराने का आरोप लगाया गया है। आरोपी किन्नर में नागिन, सुनीता और सिमरन शामिल है। इस संबंध में थाना प्रभारी तरसेम का कहना है कि दोनों पक्षों को रविवार को बुलाया गया है। शिकायत के बाद मामले की जांच की जा रही है।