करनाल। कर्ण स्टेडियम में वर्ष 2019 के बाद से नए खेल उपकरण या उनके लिए धनराशि नहीं आई है। सात वर्षों में उपकरण जर्जर हो गए हैं। फुटबॉल मैदान में लगी वाॅटर गन भी करीब एक साल से बंद पड़ी है। गोल पोस्ट पर लगे नेट भी कई जगहों से कट चुके हैं।
फुटबॉल कोच पुनित ने जिला खेल अधिकारी को नए नेट के लिए लिखित में दे दिया है। खिलाड़ियों के अभ्यास के लिए नई फुटबॉल की भी मांग की है। उन्होंने बताया कि इस समय उनके पास करीब 70 खिलाड़ी हैं। सभी खिलाड़ियों के लिए करीब 10 बॉल की जरूरत पड़ती है।
विज्ञापन
ऐसे ही एथलेटिक्स के खिलाड़ियों के लिए बाधा दौड़ का अभ्यास करने के लिए नए हडल की व्यवस्था कराने की भी मांग की गई है। इस समय जो हडल मौजूद है, उनमें जंग लग चुका है। ताइक्वांडो के अभ्यास के लिए खिलाड़ियों के लिए नए मैट के लिए कोच सुनिल ने भी लिखित में दे दिया है।
जिला खेल विभाग ने हर कोच से खेल उपकरण और मरम्मत के बारे में प्रस्ताव मांगा था। कई आवेदन प्राप्त हुए हैं। अब एक बजट तैयार करके खेल विभाग पंचकूला को भेजा जाएगा। हरियाणा सरकार का बजट भी आने वाला है। हम उम्मीद करते है कि इस बार खेल विभाग के बजट में काफी कुछ देखने को मिल सकता है। - राजबीर सिंह रंगा, जिला खेल अधिकारी