माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। अमर उजाला की नेशनल ओलंपियाड में जिले के विद्यार्थी उत्साह से हिस्सा ले रहे हैं। शुक्रवार को ओलंपियाड के तहत सामान्य ज्ञान की परीक्षा आयोजित हुई। इस परीक्षा का आयोजन विभिन्न स्कूलों में किया गया। ज्यादातर विद्यार्थियों ने एक घंटे से भी कम समय में प्रश्नपत्र हल कर दिया।
ओलंपियाड के तहत छह से 13 नवंबर तक आयोजित होने वाली परीक्षाओं में जिलेभर के स्कूलों के होनहार अपनी प्रतिभा दिखा रहे हैं। शुक्रवार को हुई परीक्षा में विद्यार्थियों ने अपना बेहतर प्रदर्शन किया। वहीं इस परीक्षा को लेकर उन्होंने अपनी उत्सुकता के बारे में भी बताया। उन्होंने बताया कि ओलंपियाड की जानकारी मिलते ही उन्होंने इसके लिए पंजीकरण कराया था। योजना के तहत अब 10 नवंबर को अगली परीक्षा गणित विषय की आयोजित होगी। इसके बाद 11 नवंबर को विज्ञान, 12 नवंबर को लॉजिकल रीजनिंग और 13 नवंबर को फाइनेंशियल अवेयरनेस, टेक एंड एआई विषय की परीक्षा होगी।
फोटो
पढ़ाई के स्तर का पता चला
कर्ण विहार निवासी एवं प्रकाश पब्लिक स्कूल के कक्षा सातवीं के छात्र देवांश ने बताया कि उन्होंने पहली बार नेशनल ओलंपियाड की परीक्षा दी। बोले, मुझे अच्छा महसूस हुआ। पता चला कि हम पढ़ाई में किस स्तर पर हैं। भविष्य में भी इस तरह की परीक्षाओं में शामिल होकर अनुभव लेंगे। इससे अन्य परीक्षाओं को पास करने में मदद भी मिलेगी।
शहीद उधम सिंह पब्लिक स्कूल के कक्षा सातवीं के छात्र एवं इंद्री निवासी कनव ने बताया कि नेशनल ओलंपियाड में शामिल होने का अनुभव अच्छा रहा। सवालों को तुरंत हल कर दिया था। परीक्षा बेहद आसान थी, उम्मीद है परिणाम भी अच्छा ही आएगा। भविष्य में भी अमर उजाला की ओर से आयोजित होने वाली इस तरह की परीक्षाओं में जरूर शामिल होंगे।
सवालों को समझकर दिया जवाब
आरके पुरम निवासी एवं दयाल सिंह पब्लिक स्कूल के कक्षा आठवीं के छात्र गितेश ने बताया कि उन्होंने दूसरी बार ओलंपियाड में हिस्सा लिया है। पिछली बार दूसरी संस्था की ओर से आयोजित परीक्षा में उन्होंने स्कूल में टॉप किया था, इस बार की परीक्षा भी आसान रही। सवालों को समझकर उन्होंने जवाब दिया है, उम्मीद है इस बार भी रिजल्ट अच्छा रहेगा।