गांव सैयदपुरा के निकट रविवार को नहर किनारे मिले जरनैली कॉलोनी निवासी हरविंदर सिंह के अधजले शव के मामले में परिजनों ने उसकी पत्नी व साले पर हत्या करने का आरोप लगाया है।
अब पुलिस ने मृतक के परिजनों की शिकायत पर उसके ससुराल पक्ष के लोगों की गिरफ्तारी के लिए छापामारी शुरू कर दी है। हरविंदर के ससुराल पक्ष के लोग गांव पखाना में अपने घर से फरार बताए जा रहे हैं, जिस कारण पुलिस का शक गहरा हो गया है। सदर थाना पुलिस ने अपनी कई टीमें बनाकर गांव पखाना में दबिश देनी शुरू कर दी है।
अधिकारियों के अनुसार किसी भी समय आरोपियों की गिरफ्तारी हो सकती है। हरविंदर के जीजा श्रवण सिंह व सुखविंदर सिंह ने आरोप लगाया कि हरविंदर की करीब चार महीने पूर्व गांव पखाना की सिमरन से शादी हुई थी लेकिन शादी के दो सप्ताह बाद ही दोनों में अनबन हो गई थी तभी से सिमरन अपने मायके में रह रही थी।
शनिवार को सिमरन व उसके भाई जोत ने हरविंदर को फोन करके बुलाया था। जब हरविंदर उनके पास गया तो उस समय उसके पास डेढ़ लाख रुपया भी था। परिजनों ने आरोप लगाया कि सिमरन ने अपने भाई जोत के साथ मिलकर हरविंदर से लूट करने के बाद उसकी हत्या कर उसके शव को खुर्द बुर्द करने के लिए जलाकर छोड़ दिया।
अब पुलिस मृतक के परिजनों के बयान पर पखाना में दबिश दे रही है। सदर थाना प्रभारी गोरखपाल राणा ने बताया कि परिजनों की शिकायत पर सिमरन व जोत की तलाश जारी है। उनके निवास पर ताले जडे़ है। उधर, हरविंदर की कॉल डिटेल भी निकलवाई जा रही है। जल्द ही मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।
उसके बाद पुलिस को मामला ट्रेस करने में आसानी होगी। रविवार को थाना सदर पुलिस ने गांव सैयदपुरा की नहर के समीप से अधजला शव बरामद किया था, जिसकी बाद में पहचान जरनैली कॉलोनी के हरविंदर के रूप में हुई थी। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया था।
डीएसपी रमेश गुलिया ने बताया कि मृतक के परिजनों का आरोप है कि हरविंदर घर से करीब डेढ़ लाख रुपये भी लेकर गया था लेकिन पुलिस को शव के समीप से किसी प्रकार की राशि व मोबाइल बरामद नहीं हुआ।
फिर भी पुलिस ने लूट, हत्या व शव को खुर्द बुर्द करने का मामला दर्ज करने के बाद जांच की है। जल्द ही आरोपियों को काबू कर लिया जाएगा। शव का पोस्टमार्टम रोहतक से करवा दिया गया है।
हादसे में पुलिस के बैंड मास्टर की मौत
शहर से मधुबन पुलिस अकादमी लौट रहे हरियाणा पुलिस के बैंड मास्टर सब इंस्पेक्टर जयसिंह की कार की चपेट में आने से मौत हो गई।
पुलिस ने मृतक के पुत्र राकेश के बयान पर कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है। अकादमी में तैनात सब इंस्पेक्टर बैंड मास्टर 57 वर्षीय जयसिंह मंगलवार रात शहर से काम निपटाकर स्कूटर पर अकादमी जा रहा था।
दाहा मोड़ के समीप पीछे से आ रही कार ने चपेट में ले लिया। जयसिंह ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। जांच अधिकारी एएसआई हरिकिशन ने बताया कि प्राथमिक जांच में पता चला है कि जयसिंह की मौत सिर में लगी गहरी चोट के कारण हुई है।
मानसिक रोगी से सहमे प्रीतम नगर के लोग
शहर के न्यू प्रीतम नगर में एक मानसिक रोगी की हरकतों से कॉलोनी के लोग घबराए हुए हैं। मानसिक रोगी ने पड़ोसी के घर में घुसकर जमकर तोड़फोड़ कर मारपीट की। इसकी शिकायत सेक्टर-4 चौकी पुलिस को दी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सुमित अरोड़ा ने बताया कि पड़ोस का एक युवक मानसिक रोगी है। मंगलवार को वह उनके घर में शीशे तोड़कर घुस आया और मारपीट करने लगा। घर की छत पर चढ़कर राहगीरों और दूसरे पड़ोसियों के साथ भी गाली गलौच की।
पूरी कॉलोनी के लोग मानसिक रोगी युवक की हरकतों से सहमे हुए हैं। उसके कारण बच्चे भी गली में खेल नहीं पाते। चौकी प्रभारी हुकम सिंह ने बताया कि न्यू प्रीतम नगर के लोगों ने शिकायत दी है। रोगी युवक के परिजनों और लोगों को चौकी बुलाया गया है।