समालखा। रेलवे और गुलाटी रोड माता पुली रोड आसपास की सर्विस लेन पर अतिक्रमण की समस्या बढ़ती जा रही है, जिसके कारण यहां लंबे समय तक जाम की स्थिति बन रही है। यह अतिक्रमण न सिर्फ यातायात में रुकावट डालता है बल्कि पैदल चलने वालों और बाइक सवारों के लिए खतरे का कारण बन चुका है। जाम लगने से लोग गलत साइड चलना शुरू कर देते हैं। स्थानीय निवासियों और व्यापारियों का कहना है कि लोगों ने सड़क किनारे अवैध रूप से दुकानों और अन्य संरचनाओं का निर्माण कर लिया है जिसके चलते सड़क की चौड़ाई घट गई है और वाहनों की आवाजाही में भारी दिक्कतें आ रही हैं। खासकर रोजाना स्कूल बसों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
इसके अलावा समालखा रेलवे स्टेशन के पास एक बड़ा यातायात जंक्शन बन जाता है यहां ई-रिक्शा का जमवाड़ा रहता है। जहां पर हर दिन हजारों लोग गाड़ियों से गुजरते हैं। श्याम मंदिर चुलकाना व गांव भोड़वाल माजरी में संत समागत की तैयारियां चल रही है सभी का यही से आना-जाना है। रेलवे रोड और सर्विस लेन पर अवैध कब्जों के कारण रेलवे रोड पर वाहनों की कतारें लग जाती हैं और जाम की स्थिति उत्पन्न हो जाती है।
समालखा नगर परिषद के अधिकारी इस मुद्दे को लेकर बार-बार चेतावनी दे चुके हैं लेकिन अतिक्रमण हटाने की ठोस कार्यवाही अभी तक नहीं की गई है। स्थानीय लोगों ने सरकार से अनुरोध किया है कि इस समस्या का जल्द समाधान किया जाए ताकि उन्हें रोजाना के जाम से मुक्ति मिल सके और दुर्घटनाओं की संभावना भी कम हो सके।