संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल/इंद्री। इंद्री में पश्चिमी यमुना नहर की पटरी पर जैनपुर की ओर सोमवार देर रात को गोकशी करने वाले दो आरोपियों और सीआईए एक की टीम के बीच मुठभेड़ हुई। पानीपत के राणा माजरा निवासी आरोपी नकीम के पैर में गोली लगी। उसे पकड़ लिया गया लेकिन दूसरा साथी नौशाद मौके से भाग गया। आरोपियों की ओर से चलाई गोली पुलिस की गाड़ी पर लगी।
सूचना के बाद एफएसएल और इंद्री थाना की टीम मौके पर पहुंच गई। एसपी नरेंद्र बिजारणियां ने भी मौका मुआयना किया। डीएसपी इंद्री सतीश गौतम, डीएसपी शहर राजीव कुमार भी मौके पर पहुंचे। पुलिस के अनुसार, सोमवार देर रात को सीआईए एक की टीम को सूचना मिली थी कि पानीपत के राणा माजरा गांव निवासी नकीम और उसका साथी नौशाद इंद्री की नहर किनारे गोकशी की वारदात के लिए पहुंचे हुए हैं।
सूचना के आधार पर सीआईए की टीम बताई गई जगह पर पहुंची। दोनों आरोपी बाइक पर सवार थे। पुलिस ने दोनों को रोकने की कोशिश की। इस पर आरोपियों की ओर से गोलियां चला दी गईं। आरोपियों ने तीन राउंड फायर किए। जवाबी कार्रवाई में पुलिस टीम ने भी गोली चलाईं। एक गोली आरोपी नकीम के पैर में लगी।
इसके बाद पुलिस ने आरोपी को काबू कर लिया। नौशाद मौके से भाग गया। पुलिस ने घायल नकीम को इंद्री के सिविल अस्पताल में दाखिल करवाया गया। पुलिस ने आरोपी के मौके से पिस्तौल और बाइक बरामद कर ली है।
इंद्री डीएसपी सतीश गौतम ने बताया कि नकीम और नौशाद दोनों ने पुलिस पर गोली चलाई थी जोकि गाड़ी में लगी। जवाबी कार्रवाई में पैर पर गोली मारकर आरोपी को काबू किया गया है।
-
चार आरोपी पहले हो चुके गिरफ्तार
गोकशी के मामले में सीआईए एक की टीम ने 24 मार्च को सहारनपुर के नकुड़ क्षेत्र से तीन आरोपियों सहारनपुर के शाहसपुर जट गांव निवासी नवाब और शहजाद और गंगोह क्षेत्र के बाढ़ी माजरा निवासी आजम को गिरफ्तार किया है। इसे बाद सीआईए एक की टीम ने कुरुक्षेत्र जिला के बबैन निवासी चांद को गिरफ्तार किया था।
तीन बार इंद्री क्षेत्र में मिले थे गोवंश के अवशेष
-18 मार्च को धमनहेड़ी गांव के पास नहर किनारे से 7 गोवंशों के अवशेष मिले थे।
-19 मार्च को उसी क्षेत्र के पास फिर से 5-6 गोवंशों के कटे हुए सिर मिले थे।
-21 मार्च को धनौरा गांव के पास नहर में फिर से गोवंश के कटे हुए सिर मिले।