- पुलिस पर की फायरिंग और पथराव, उत्तर प्रदेश के मनुगढ़ी गांव के खेत में पलटी बदमाशों की पिकअप, चोरी की बैटरियां, फर्जी नंबर प्लेट, पिस्तौल बरामद
- सूचना पर पानीपत सीआईए पुलिस कर रही थी पीछा, करनाल के मेरठ रोड से यूपी की ओर भाग रहे थे बदमाश
- गाड़ी पलटने से घायल बदमाशों को अस्पताल में कराया भर्ती, दोनों की पहचान शामली के सुनेहरी गांव निवासी रियासत उर्फ भूरा और उसके भाई असलम के रूप में हुई
माई सिटी रिपोर्टर
पानीपत/करनाल। धान और बैटरी चोरी करने वाले वांछित गिरोह के चार बदमाशों का पीछा करते हुए शुक्रवार रात पानीपत सीआईए-2 टीम की उत्तर प्रदेश की सीमा में मुठभेड़ हो गई। पिकअप से भागते हुए यूपी के बदमाशों ने पुलिस टीम पर पथराव और पिस्तौल से फायर किए जबकि जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी पिस्तौल और एके 47 से फायर किए। हालांकि पुलिस और बदमाशों की गोली एक-दूसरे को नहीं लगी। पुलिस ने बदमाशों की पिकअप के टायरों पर गोली मारकर पंक्चर कर दिया।
भागते हुए बदमाश उत्तर प्रदेश के मनुगढ़ी गांव के खेत में पहुंच गए। यहां उनकी गाड़ी पलट गई। जिसके बाद दो बदमाश रात के अंधेरे का फायदा उठाकर भाग गए जबकि दो गाड़ी में ही फंसे रहे। इनको पुलिस ने गिरफ्तार कर करनाल के मधुबन थाने की मंगलौरा चौकी में मामला दर्ज कराया है। गाड़ी पलटने की वजह से घायल बदमाशों को इलाज के लिए करनाल के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पकड़े गए दोनों बदमाशों की पहचान उत्तर प्रदेश के शामली जिला के सुनेहरी गांव निवासी रियासत उर्फ भूरा और उसके भाई असलम के रूप में हुई है। दोनों बदमाश सगे भाई हैं। जो पानीपत और आसपास की एरिया में धान, टावर से बैटरी चोरी के कई मामलों में वांछित हैं। पुलिस ने बदमाशों की गाड़ी से मोबाइल टावर से चोरी की गईं बैटरियां, फर्जी नंबर प्लेट, देसी पिस्तौल और पत्थर बरामद किए हैं। जिनका इस्तेमाल बदमाश वारदात को अंजाम देने के लिए करते थे। घटना की जांच में करनाल और पानीपत पुलिस जुटी हैं। वहीं, एफएसएल टीम भी साक्ष्य जुटा रही है।
घेराबंदी के बाद नाका तोड़ यूपी बाॅर्डर से निकले बदमाश
मंगलौरा थाना पुलिस को सब इंस्पेक्टर जयवीर ने बताया कि शुक्रवार रात को पानीपत पुलिस को सूचना मिली थी कि मतलौडा थाने का वांटेड आरोपी रियासत उर्फ भूरा अपने साथियों के साथ किसी वारदात को अंजाम देने के लिए करनाल में शामली रोड पर घूम रहा है। इसके बाद पुलिस की दो टीमों ने बोलेरो और स्कॉर्पियो गाड़ियों में बदमाश की पिकअप का पीछा शुरू किया। पहले बदमाशों ने पानीपत-करनाल बॉर्डर पर पुलिस की घेराबंदी को तोड़ा फिर नाका तोड़ते हुए यूपी बॉर्डर की ओर भागे। बॉर्डर पर तैनात पुलिस को सतर्क कर दिया गया था, लेकिन बदमाशों ने उनके नाके को भी तोड़कर उत्तर प्रदेश में प्रवेश कर लिया।
जब पुलिस ने संदिग्ध पिकअप को रोकने का इशारा किया तो बदमाशों ने पथराव और गोलियां चला दीं। जवाब में पुलिस ने भी फायर कर दिए। पूछताछ में आरोपियों ने कबूला कि उन्होंने दो टावरों से बैटरियां चुराई थीं। गाड़ी से चार फर्जी नंबर प्लेट भी बरामद की हैं।
धान चोरी में भी वांटेड है भूरा
पुलिस के अनुसार बदमाश भूरा पानीपत के आसन कलां गांव में नवंबर 2023 में हुए धान चोरी मामले में भी वांटेड है। इसके अलावा उस पर इसराना थाने में चार अन्य चोरी के केस दर्ज हैं। पुलिस ने वारदात के बाद फरार हुए अन्य आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। इस कार्रवाई में पुलिस की सरकारी गाड़ी को भी नुकसान पहुंचा है।
मुठभेड के बाद दोनों घायल बदमाशों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आरोपियों की गाड़ी से मोबाइल टावर से चोरी की गईं बैटरियां, फर्जी नंबर प्लेट, देसी पिस्तौल और कारतूस बरामद किए गए हैं। करनाल पुलिस ने आरोपियों पर केस दर्ज कर लिया है।
सतीश वत्स, डीएसपी, पानीपत