- लघु सचिवालय के बाहर धरने पर डटे
संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। प्रदेशभर के आउटसोर्स पार्ट दो कर्मचारी नियमितीकरण की मांग को लेकर लघु सचिवालय के बाहर धरने पर डटे हैं। सभी कर्मचारी उनके रोजगार को नियमित करने की मांग पर अड़े हैं। कर्मचारियों के 12 सदस्यीय प्रतिनिधि मंडल ने चंडीगढ़ में एसीएस से वार्ता की। इस दौरान कर्मचारियों की कुछ अन्य मांगों पर सहमति हुई लेकिन रोजगार को नियमित किए जाने बारे कोई ठोस हल नहीं निकल पाया है। इस कारण से कर्मचारियों ने फैसला लिया है कि जब तक सभी कर्मचारियों को नियमित करने पर सहमति नहीं बनती है लघु सचिवालय के बाहर धरना जारी रहेगा।
कर्मचारियों का कहना है कि सरकार चाहे उन्हें अन्य सुविधाएं न दे लेकिन उनके रोजगार को सुरक्षित कर दे ताकि वह तनाव मुक्त होकर ईमानदारी से आजीविका चला सकें। विदित हो कि कर्मचारियों के प्रतिनिधिमंडल की गत रविवार को लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह में मुख्यमंत्री से वार्ता हुई थी। राज्य प्रधान रामरतन ने बताया इस दौरान सीएम ने अतिरिक्त मुख्य सचिव राजेश खुल्लर को उनकी जायज मांगों को नियमानुसार पूरा करने के निर्देश भी दिए लेकिन चंडीगढ़ में हुई एसीएस से वार्ता के दौरान नियमितिकरण के मुद्दे पर बातचीत नहीं हुई।
कर्मचारियों के दल ने इस शनिवार को मुख्यमंत्री आवास का घेराव करने का निर्णय लिया लेकिन उस दौरान भी उन्होंने सरकार की हिदायतों की अनुपालना करते हुए अपने प्रदर्शन को लघु सचिवालय में मांगपत्र सौंपने तक सीमित रख। मौके पर राज्य प्रधान आईटीआई जय दीक्षित, अनीता रानी, राजकुमारी, धर्मेंद्र दहिया, जितेंद्र चौधरी, विकास मलिक मौजूद रहे।