- एक पक्ष के लोगों ने की बैठक, खालिस्तानी समर्थकों के बैनर लगाने पर हुआ था विवाद
- मंगलवार को दूसरे पक्ष के लोगों ने गांव में की बैठक
संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। कतलाहेड़ी बस अड्डे के पास छबील कार्यक्रम के दौरान खालिस्तान समर्थकों के बैनर लगाने के बाद हुए विवाद के मामले में मंगलवार को दूसरे पक्ष के लोगों ने बांसा गांव में बैठक की। बैठक में लोगों ने दोनों गांवों के बीच भाईचारा बनाए रखने पर जोर दिया। पुलिस के अनुसार लोगों ने कहा कि वह अपने बच्चों को समझाएंगे कि आगे भाईचारा बिगड़ने के हालत नहीं बनें।
कतलाहेड़ी में करीब सप्ताह भर पहले छबील कार्यक्रम में खालिस्तान समर्थक भिंडरावाला और अमृतपाल के बैनर लगाए गए थे। कतलाहेड़ी के लोगों के विरोध करने पर कुछ युवकों ने मारपीट और धारदार हथियार से हमला कर दिया था। जिसमें महिला समेत तीन लोग घायल हो गए थे। इस विवाद को लेकर कतलाहेड़ी के लोगों ने तीन दिन पहले गांव के ही सरकारी स्कूल में महापंचायत की थी। इस महापंचायत में करीब 20 गांवों के सैकड़ों लोग पहुंचे थे। पुलिस से लोगों ने आरोपियों को गिरफ्तार करने और देशद्रोह का मुकदमा दर्ज करने की मांग की थी। उसके बाद मंगलवार को बांसा गांव में दूसरे पक्ष के लोगों ने बैठक की। पुलिस ने बताया कि लोगों ने बैठक में शांति बनाए रखने की अपील की है। उनका कहना है कि जो गलती उनके बच्चों से हुई है। उनको समझाएंगे।
बांसा गांव में लोगों ने बैठक की। जिसमें शांति बनाए रखने की अपील की गई। उन्होंने दूसरे गांव के लोगों की तारीफ की है। दोनों गांवों के बीच काफी प्रेम है।
- अजायब सिंह, निसिंग, एसएचओ