क्षेत्र के गांव बल्ला के डाकखाने से दो अधिकारियों द्वारा 53 लाख रुपये गबन का मामला प्रकाश में आया है। सुपरिटेंडेंट ऑफ पोस्ट आफिस करनाल की शिकायत पर बल्ला पुलिस चौकी ने दोनों अधिकारियों के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज किया है। करनाल के सीनियर सुपरिटेंडेंट ऑफ पोस्ट आफिस रणजीत सिंह ने पुलिस को शिकायत देते हुए बताया कि गांव बल्ला के पोस्ट आफिस में राजकुमार वासी मकान नंबर-264 गांव उपलाना पोस्टल असिस्टेंट के पद पर और सतबीर वासी गांव अलावला सब पोस्टमास्टर के पद कार्यरत हैं। दोनों ने मिलकर बल्ला पोस्ट आफिस के खाते से लगभग 53 लाख रुपये का गबन किया है। दोनों आरोपियों द्वारा यह राशि काल्पनिक बचत उपकरण के नाम पर निकालनी दर्शायी गई है। सुपरिटेंडेंट ऑफ पोस्ट आफिस रणजीत सिंह ने पुलिस को बताया कि विभागीय जांच के चलते दोनों अधिकारी अपने एरिया को छोड़कर फरार हो सकते है। चौकी प्रभारी बल्ला संदीप कादियान के अनुसार शिकायत के आधार पर धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज किया गया है। अब पोस्ट आफिस के रिकॉर्ड को कब्जे में लिया जाएगा। उसके बाद मामले की जांच की जाएगी।