निर्वाचन आयोग का चुनाव से पहले बूथों पर वोट बनवाने का अभियान काफी सफल रहा है। कैथल में 11 हजार 466 लोगों ने वोट के लिए एक दिन में आवेदन किया। चुनाव तक इन सभी के नए वोट बन जाएंगे।
नौ मार्च को जिले के 668 बूथों पर लोगों ने वोट बनाने के लिए आवेदन फार्म जमा करवाए थे। इसमें नए वोटों के आवेदन के साथ-साथ लोगों को वोटर लिस्ट में अपनी वोट की जांच का मौका भी दिया गया था, ताकि यदि किसी स्थिति में वोटर लिस्ट में उनका नाम नहीं है तो वे नए वोट के लिए आवेदन कर सकें। बीएलओ ने मौके पर ही प्रारंभिक जांच के बाद वोट के फार्म को स्वीकृत कर लिया।
युद्धस्तर पर चल रहा है अभियान
चुनाव संबंधी अन्य कार्यों के अलावा नए वोट बनाए जाने के लिए जिला निर्वाचन कार्यालय में युद्धस्तर पर कार्य जारी है। नौ मार्च को सभी बूथों पर एकत्रित किए गए आवेदन फार्म के बाद इनकी जांच का कार्य चल रहा है। शीघ्र ही जांच पूरी करके नई वोट के लिए वोटर पहचान पत्र जारी कर दिए जाएंगे।
साढ़े ग्यारह हजार ने किया आवेदन
नौ मार्च को दिए गए वोट बनवाने के मौके का लाभ उठाते हुए जिले में 11 हजार 412 ने आवेदन किया। जिसमें 18 से 19 साल के आयु वर्ग में 2028 लड़कों और 1305 लड़कियोें ने वोट के लिए आवेदन किया। जबकि 20 से 40 वर्ष आयु वर्ग में 3716 पुरुषों एवं 4363 महिलाओं ने आवेदन किया।
गुहला हल्का में कुल 3872, कलायत में 2150, कैथल में 3252 तथा पूंडरी में 2138 लोगों ने नई वोट बनाने के लिए आवेदन किया है। गुहला हल्का में 18 से 19 आयु वर्ग में सबसे अधिक 691 युवाओं ने वोट के लिए आवेदन किया है। जबकि कैथल में 636, कलायत में 411 तथा पूंडरी में 290 युवाओं ने वोट बनवाने के लिए आवेदन किया है।