माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। सीतामई गांव में बिजली मीटर को लेकर बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आया है। सुखदेव ने आरोप लगाया है कि उसी गांव के एक व्यक्ति ने उनके नाम पर चल रहे बिजली मीटर को फर्जी हलफनामा तैयार कर अपने नाम पर ट्रांसफर करवा लिया। इस मामले में अब निगदू थाने में आरोपी सोमदास के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है।
सुखदेव ने बताया कि उनके दादा के पुराने मकान में लगे बिजली मीटर की खाता संख्या 2187151000 है, जो उनके नाम पर है। इस मकान में फिलहाल सोमदास रह रहा है। सुखदेव ने बताया कि आरोपी ने शरारती तत्वों की मदद से फर्जी शपथ पत्र तैयार कर बिजली निगम को गुमराह किया और मीटर अपने नाम करवा लिया जबकि उन्होंने कोई दस्तावेज हस्तांतरित करने के लिए नहीं दिए।
पीड़ित ने 26 नवंबर 2024 को एसडीओ तरावड़ी व मुख्यमंत्री को सीएम विंडो पर शिकायत दी थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद 18 दिसंबर 2024 को पुलिस में शिकायत की गई, जिस पर जांच शुरू हुई। आर्थिक अपराध शाखा ने जांच के बाद धोखाधड़ी की पुष्टि की और डीडीए करनाल की राय लेने के बाद पुलिस अधीक्षक कार्यालय की अनुमति पर केस दर्ज किया गया।