- रमेश नगर और माल रोड फीडर की लाइनों में होगा सुधार, 10 लाख रुपये किए जाएंगे खर्च
संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। बिजली निगम की ओर से ज्यादा जोखिम वाले यानी भवनों के ऊपर से गुजर रहीं बिजली की लाइनों को हटाया जाएगा। इसमें सबसे पहले बस स्टैंड व कर्ण स्टेडियम के ऊपर से गुजर रहीं लाइनों को हटाकर दूसरे रास्ते से निकाला जाएगा। इस कार्य पर 10 लाख रुपये का खर्चा आएगा।
लाइनों में बदलाव के लिए बिजली निगम की ओर से दो टेंडर अलॉट किए गए हैं। इनमें सात लाख रुपये की लागत से पुराना बस स्टैंड में बने भवन व कार्यालयों के ऊपर से ऐंगल लगाकर निकाली गई लाइन को बदला जाएगा। वहीं ढाई लाख रुपये की लागत से कर्ण स्टेडियम के ऊपर से गुजर रही लाइन में बदलाव होगा। निगम की ओर से इस कार्य के लिए असंध की सचिन इलेक्ट्रॉनिक कंपनी को टेंडर अलॉट किया गया है। बस स्टैंड की लाइन रमेश नगर फीडर के अंतर्गत आती है तो वहीं कर्ण स्टेडियम की लाइन 11 केवी के मॉल रोड फीडर के अंतर्गत आती है।
शहर में इन जगहों पर हैं जोखिम भरी लाइनें
बिजली निगम की ओर से घरों या सार्वजनिक स्थलों की ऊपर से निकल रही लाइनों को जोखिम लाइनों का श्रेणी में रखा गया है। यह लाइनें पहले से ही बिजली निगम की ओर से शहर में निकाली गई थी। इसके बाद में घरों व सार्वजनिक भवनों के निर्माण हुए। शहर में अभी भी वसंत विहार, कर्ण कैनाल, पुरानी सब्जी मंडी व शहर की करीब 30 कॉलोनियों में जोखिम भरी लाइनों का जंजाल है। हालांकि निगम की ओर से इन लाइनों को हटाने के लिए अभियान चलाया जा रहा है।
बिजली निगम की ओर से सार्वजनिक स्थलों जहां पर लोगों की ज्यादा भीड़ रहती है। ऐसी जगहों या भवनों के ऊपर से गुजर रही लाइनों को सबसे पहले हटाया जा रहा है। पुराना बस स्टैंड पावर हाउस के दो फीडरों के अंतर्गत आने वाली बस स्टैंड व कर्ण स्टेडियम के ऊपर से गुजर रहीं लाइनों को हटाने में निगम का करीब 10 लाख रुपये खर्चा आएगा। यह कार्य तीन माह में पूरा कर लिया जाएगा। इसमें एचटी लाइन बदली जाएंगी और अन्य ढांचागत सुधार किए जाएंगे।
- कुलदीप सिंह, एसडीओ, बिजली निगम