उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम के सेक्टर-12 स्थित 33 केवी स्टेशन पर दो 12.5 एमवी, 33/11 केवी, के नये पावर ट्रांसफार्मर लगाने को लेकर शहर के दो सेक्टरों समेत दर्जनभर पॉश कॉलोनियों में दो दिन बिजली सप्लाई बंद रहेगी। इसके साथ ही शहर के प्रमुख व्यावसायिक स्थलों पर भी बिजली गुल रहेगी। हालांकि, निगम का दावा है कि बीच-बीच में दूसरे फीडरों से कुछ समय से बिजली दी जाएगी, ताकि पानी सप्लाई हो सके। हालांकि, दो दिन तक बिजली गुल होने से शहर के लाखों उपभोक्ताओं के घरों में पानी की सप्लाई भी बाधित हो सकती है। निगम के कार्यकारी अभियंता का कहना है कि शनिवार सुबह आठ बजे से लेकर रविवार शाम छह बजे तक ट्रांसफार्मर स्थापित करने का कार्य जारी रहेगा और इस दौरान बिजली सप्लाई नहीं हो सकेगी।
ये क्षेत्र रहेंगे प्रभावित
कार्यकारी अभियंता एसके मक्कड़ ने बताया कि 5 नवंबर को सुबह 8 बजे से 6 नवंबर तक शाम 6 बजे तक निर्मल कुटिया, चार चमन, एसबीटीसी., सेक्टर-12, सीएमके व सिविल अस्पताल फीडरों से संबंधित क्षेत्रों मॉडल टाउन, दयानंद कालोनी, कुंजपुरा रोड, वजीरचंद कालोनी, मेडिकल एनकलेव, चार चमन, पुरुषोत्तम गार्डन, मुगल कैनाल मार्केट, सेक्टर-12, सेक्टर-13, दयाल सिंह कॉलोनी, अवतार कॉलोनी, सैनी कॉलोनी, अर्जुननगर, पुरानी सब्जी मंडी, लाभ सिंह कॉलोनी, नेहरू प्लेस में बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी। इन क्षेत्रों की बिजली आपूर्ति अन्य फीडरों के माध्यम से कुछ समय के अंतराल बाद उपलब्ध करवाई जाएगी। उन्होंने शहर की बिजली व्यवस्था को सुधारने के लिये कार्य में जनता से सहयोग की अपील भी की है। निगम के अनुसार इन क्षेत्रों में निगम के हजारों की संख्या में उपभोक्ता हैं और करीब डेढ़ लाख लोग इससे प्रभावित होंगे।
गहरा सकता है पानी का संकट
बता दें कि शहर के पॉश इलाके में पानी की सप्लाई दो समय दी जाती है। सुबह आठ बजे से लेकर 12 बजे और दोपहर दो बजे से शाम पांच बजे तक जनस्वास्थ्य विभाग द्वारा पानी सप्लाई किया जाता है। ऐसे में दो दिन में शहर के लोगों के लिए पानी के लिए परेशानी खड़ी हो सकती है। हालांकि, निगम का कहना है कि वे पानी सप्लाई के समय दूसरे फीडरों से बिजली सप्लाई देने की कोशिश करेगा। उधर, शहर की प्रमुख मार्केट इसी पावर स्टेशन से जुड़ी है, इसलिए बाजारों में भी दो दिन कम रौनक रहेगी।
अस्पताल की सेवाएं हो सकती हैं प्रभावित
दो दिन तक बिजली नहीं आने से सामान्य अस्पताल की सेवाएं भी प्रभावित हो सकती हैं, हालांकि अस्पताल के पास जनरेटर है। बावजूद इसके अगर दो दिनों तक अस्पताल की बिजली प्रभावित रही तो मरीजों को भी परेशानी उठानी पड़ सकती है। इस बारे में उप चिकित्सा अधीक्षक डॉ. योगेश शर्मा का कहना है कि अस्पताल के पास जनरेटर है और इसको लेकर पहले से ही तैयारी कर ली गई है।