नगरपालिका में उपप्रधान पद के लिए होने वाला चुनाव स्थगित हो गया है। निर्वाचन अधिकारी के अचानक अस्वस्थ्य होने से चुनाव टालना पड़ा है। चुनाव की आगामी तिथि घोषित नहीं की गयी है।
नगरपालिका उपप्रधान पद का चुनाव सोमवार को नगरपालिका परिसर में निर्वाचन अधिकारी पूजा भारती की देखरेख में साढ़े 11 बजे से होना था, जिसकी प्रक्रिया लगभग दो घंटे तक चलनी थी। चुनाव को लेकर नगरपालिका प्रशासन ने पूरी तैयारी कर ली थी, लेकिन निर्वाचन अधिकारी पूजा भारती की अचानक तबीयत खराब हो गई। इस कारण चुनाव स्थगित करना पड़ा। इससे पहले उपप्रधान पद के चुनाव को लेकर पूरे शहर के लोगों की नजरें टिकी हुईं थीं। वहीं चुनाव स्थगित होने से उपप्रधान की दावेदारी करने वालों को झटका लगा है। चुनाव स्थगित होने को लेकर पार्षदों और लोगों में विभिन्न प्रकार की चर्चाएं चल रही हैं। इस संबंध में निर्वाचन अधिकारी पूजा भारती का कहना है कि तबीयत अचानक खराब होने के कारण चुनाव स्थगित करना पड़ा। अभी चुनाव कराने के लिए अगामी तिथि निर्धारित नहीं की गई है।