करनाल। शहर की आनंद विहार कॉलोनी में एक बुजुर्ग महिला का शव मिला है। जिसकी हत्या का अंदेशा जताया गया है। पुलिस ने परिजनों की शिकायत के आधार पर हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। महिला का पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया है। सदर थाना प्रभारी तरसेम ने बताया कि पोस्टमार्टम की रिपोर्ट आने के बाद ही खुलासा होगा कि महिला की हत्या हुई है या नहीं।
आनंद विहार निवासी गौरव ने बताया कि उसकी नानी सरस्वती आनंद विहार गली नंबर तीन में अपने मकान में अकेली रहती थी। 10 दिसंबर को दिन में उसके पास नानी की पोती शिवानी का फोन आया कि उसकी दादी सरस्वती का फोन बंद है। एक बार घर जाकर देख लें। वह नानी को देखने घर गया तो वह बेड से नीचे उल्टी पड़ी थी और मुंह से खून निकल रहा था। इस बारे में उसने अपने मामा प्रवीन व मनोज को जानकारी दी। उन्हें शक है कि उसकी नानी की किसी ने हत्या की है।