करंट लगने के बाद लड़की को इलाज के लिए लेजाते परिजन स्वयं
करनाल। जुंड़ला गेट स्थित मलका मोहल्ले में पतंग पकड़ने के दौरान आठ साल की बच्ची को करंट लग गया, जिससे वह बेहोश हो गई। पड़ोस के लोगों ने उसे जिला नागरिक अस्पताल पहुंचाया। माता-पिता को सूचना दी। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टर ने बच्ची को कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया है। जहां बच्ची का इलाज चल रहा है। मलका मोहल्ला निवासी पुष्कर भाटिया ने बताया कि उनके पड़ोस में रहने वाली आठ वर्षीय बच्ची और उसका भाई छत पर पतंग उड़ा रहे थे। इसी दौरान एक पतंग 11 हजार वोल्ट तारों में फंसी हुई थी। बच्ची ने लोहे के पाइप से पतंग को निकालने का प्रयास किया। इससे बच्ची को करंट लग गया और बेहोश हो गई। बच्ची के माता-पिता अपने काम पर गए हुए थे। पड़ोस के लोगों ने उसे अस्पताल पहुंचाया। अब बच्ची का इलाज मेडिकल कॉलेज के अस्पताल में चल रहा है। संवाद