केजरीवाल बोले, हरियाणा वालों नोट कर लो, सरकार हमारे समर्थन से ही बनेगी
गगन तलवार
करनाल। चुनावी रण में उतरने से पहले कांग्रेस के साथ भले ही आम आदमी पार्टी का गठबंधन नहीं हो पाया हो, लेकिन चुनावों के बाद हरियाणा में नई सरकार बनाने में आप समर्थन जरूर देगी। सोमवार को असंध पहुंचे दिल्ली के पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल अपने संबोधन में यह संकेत दे गए हैं।
अपने 13 मिनट के भाषण के अंतिम क्षणों में उन्होंने कहा कि हरियाणा वालों यह नोट कर लेना, प्रदेश में हमारे बिना भी सरकार नहीं बनेगी। जो भी सरकार बनेगी, हमारे समर्थन से ही बनेगी। इस बार आप की इतनी सीट आ रही हैं कि हमारे बिना कोई भी दल सरकार नहीं बना पाएगा।
वहीं अपने संबोधन में उन्होंने किसी खास वर्ग या बिरादरी को अपनी तरफ आकर्षित नहीं किया। बल्कि दिल्ली और पंजाब सरकार की उपलब्धियों और योजनाओं को गिनवाने के साथ ही हरियाणा में आप की सरकार का सपना दिखाते हुए आधी आबादी महिलाओं के सहारे पांच गारंटियों के साथ हर वर्ग को साधने का प्रयास किया। उन्होंने युवाओं को रोजगार, हर घर 24 घंटे मुफ्त बिजली, सभी का निशुल्क इलाज, सरकारी स्कूलों को मॉडल बनाने के अलावा प्रदेश की हर महिला को एक हजार रुपये महीना बैंक खाते में देने की गारंटी की घोषणा की।
एक मौका दे दो, पसंद न आए तो वोट न देना
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली और पंजाब में सरकार के बाद हरियाणा में भी आप की सरकार बनेगी तो वैसी ही सुविधाएं देंगे, जैसी वहां दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि जनता एक मौका दे, हमारा काम पसंद न आए तो अगली बार वोट मत देना। दिल्ली में हमने जो कहा वो करके भी दिखाया है। पंजाब में भी वैसा ही हो रहा है। सड़क, स्कूल, अस्पताल हर व्यवस्था को हम ठीक कर देंगे। केजरीवाल ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले वे संकल्पपत्र जारी करते थे। हमें देखकर उन्होंने भी गारंटी देनी शुरू की हैं। आप की गारंटी असली है। क्योंकि हम दिल्ली में किए हुए प्रयोग के आधार पर ही गारंटी दे रहे हैं। हरियाणा में दिल्ली की तर्ज पर स्कूल बनाकर हम सबके बच्चों को भविष्य बनाने की बात कर रहे हैं। दूसरी पार्टी वाले अपने बच्चों की भविष्य की चिंता कर रहे हैं और सात पुश्तों के लिए पैसा कमाने में लगे हैं।