भाजपा छोड़ चुके पूर्व डिप्टी मेयर मनोज वधवा के सेक्टर-32 स्थित घर पर सोमवार सुबह ईडी की टीम पहुंची। करीब एक घंटे तक अधिकारी घर के अंदर रहे लेकिन मनोज वधवा घर पर नहीं थे। इसके बाद ईडी के अधिकारी नोटिस देकर चले गए।
इससे पहले 4 जनवरी को भी ईडी की टीम ने अवैध खनन के मामले में मनोज वधवा के सेक्टर-13 स्थित घर पर छापेमारी की थी और दस्तावेज खंगाले थे। इस बारे में मनोज वधवा का कहना है कि ईडी की टीम सुबह आई थी। वह घर से बाहर गए हुए हैं। ईडी की टीम ने नोटिस दिया है।
उसे घर जाकर देखूंगा। बता दें मनोज वधवा ने कुछ दिनों पहले ही भाजपा को अलविदा कहा है। इससे पहले वह इनेलो पार्टी में थे। 2014 विधानसभा चुनाव में उन्होंने करनाल विधानसभा से मनोहर लाल के खिलाफ इंडियन नेशनल लोकदल पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ा था, हालांकि इस चुनाव में वो हार गए थे।
मनोहर लाल जीत कर विधायक बने थे। जिसके बाद वह मुख्यमंत्री बने। इसके बाद मनोज वधवा भाजपा में शामिल हो गए थे। मनोज वधवा के भाजपा छोड़ने पर राजनीतिक गलियारे में कांग्रेस ज्वाइन करने और टिकट मिलने पर उप चुनाव में सीएम नायब सिंह सैनी के खिलाफ चुनाव लड़ने की बात चल रही थी। अभी उन्होंने किसी पार्टी को ज्वाइन नहीं किया है।