- करनाल से दो महिला चिकित्सकों की लगी ड्यूटी, ओपीडी में एक ही चिकित्सक कर रही उपचार
- रोजाना दोपहर 12 बजे पंजीकरण करवाए जा रहे बंद
संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। स्वास्थ्य महानिदेशक कार्यालय की ओर से प्रदेशभर के 70 डॉक्टरों की आयुष्मान भारत योजना में ड्यूटियां लगाई गई हैं। जो आगामी तीन माह तक कार्य करेंगे। नागरिक अस्पताल से भी दो महिला चिकित्सकों की ड्यूटियां लगने से स्त्री रोग विशेषज्ञ की ओपीडी पर सीधा असर पड़ रहा है और कई गर्भवतियों को समय पर इलाज नहीं मिल रहा है।
नागरिक अस्पताल की स्त्री रोग विशेषज्ञ की ओपीडी में जहां रोजाना 450 से अधिक महिलाएं जांच करवाती थीं अब यह आंकड़ा 150 के पार भी नहीं पहुंच पा रहा है। एक सप्ताह से रोजाना पंजीकरण खिड़की से समय से करीब एक घंटा पहले पंजीकरण बंद करवाया जा रहा है। जिससे विशेषकर दूर-दराज ग्रामीण इलाकों से आने वाली गर्भवतियों व अन्य महिलाओं को बिना इलाज लौटना पड़ रहा है।
ओपीडी में पहुंची हलवाला से 30 वर्षीय रामप्यारी, अराईपुरा से 38 वर्षीय मीरा, कुंजपुरा रोड से 35 वर्षीय ललिता, कलंदरी गेट से 21 वर्षीय जुली देवी व दीपा ने बताया कि वे नागरिक अस्पताल में अपना इलाज कराने सुबह नौ बजे आ गई थी। जब वे पंजीकरण कक्ष पर पहुंची तो लंबी लाइन थी। करीब एक घंटे बाद यानी 10 बजे के आस-पास उनका पंजीकरण हुआ। पंजीकरण के बाद जब वे 16 नंबर ओपीडी में पहुंची तो पता चला कि ओपीडी में एक ही डॉक्टर बैठी है। लाइन में बैठे हुए करीब दो घंटे बीत चुके हैं अभी तक नंबर नहीं आया है।
ओपीडी में अब तीन के स्थान पर एक ही डॉक्टर
नागरिक अस्पताल की स्त्री रोग विशेषज्ञ की ओपीडी में तीन महिला चिकित्सक रोजाना 450 से अधिक महिला मरीजों की जांच करती थी लेकिन पांच जुलाई से दो महिला चिकित्सकों की ड्यूटी आयुष्मान में लगने के कारण ओपीडी में अब तीन के स्थान पर एक ही महिला डॉक्टर ड्यूटी दे रही है। जिस कारण मरीजों का अधिक भार होने के कारण दोपहर 12 बजे ही पंजीकरण बंद करवाया जा रहा है। ऐसे में महिला मरीजों को अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्वास्थ्य महानिदेशक कार्यालय से प्रदेशभर के 70 डॉक्टरों की आयुष्मान भारत योजना में ड्यूटियां लगाई गई हैं। नागरिक अस्पताल करनाल से दो महिला चिकित्सकों की ड्यूटी लगी है। जो आगामी तीन माह तक के लिए है। इसके लिए स्त्री रोग विशेषज्ञ की ओपीडी में रोजाना एक महिला चिकित्सक ड्यूटी पर तैनात रहेंगी। इसके अलावा स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. श्रुति शर्मा जिस दिन ओटी में नहीं जाएंगी तब वे ओपीडी में बैठकर मरीजों की जांच में सहयोग देंगी।
- डॉ. बलवान सिंह, पीएमओ, नागरिक अस्पताल, करनाल