करनाल। जिला योजनाकार की टीम ने वीरवार को चार अवैध कॉलोनियों में अवैध निर्माण के खिलाफ कार्रवाई की। पहली कार्रवाई मेरठ रोड पर शेखपुरा गांव के पास काटी जा रही पांच एकड़ कॉलोनी पर की गई। यहां एक डीपीसी समेत सभी कच्ची सड़कों को उखाड़ा गया। दूसरी कार्रवाई गांव कैलाश में हॉकी स्टेडियम के पास करीब सात एकड़ में काटी जा रही अवैध कॉलोनी में की। यहां पांच डीपीसी समेत सभी कच्ची सड़कों को उखाड़ा। तीसरी कार्रवाई कुंजपुरा में करीब 4.5 एकड़ में काटी जा रही अवैध कॉलोनी में की।
यहां 8 डीपीसी समेत सभी कच्ची व पक्की सड़कों को नष्ट किया गया। चौथी कार्रवाई गांव नेवल के पास लगभग 10 एकड़ क्षेत्र में काटी जा रही अवैध कॉलोनी में की। यहां 2 डीपीसी को ध्वस्त किया गया। इस कार्रवाई के दौरान जिला योजनाकार की टीम के साथ पुलिस बल और ड्यूटी मजिस्ट्रेट मौजूद रहा। जिला योजनाकार गुंजन वर्मा ने अवैध कॉलोनी काटने वाले कॉलोनाइजरों को चेतावनी दी है कि जिले में किसी भी अवैध कॉलोनी का बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।