बजीदा जाटान गांव के एक युवक का शव आवर्धन नहर में पिचौलिया हेड के पास मिला है। परिजनों ने दो युवकों पर मंदबुद्धि युवक को नहर में धक्का देकर मारने का आरोप लगाया है। पुलिस ने दोनों युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। मालूम हो कि पहले ही परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ अपहरण का केस दर्ज कराया था।
परिजनों के अनुसार शनिवार को बजीदा जाटान निवासी मंदबुद्धि रोहताश को आरोपी नीरूखेड़ी निवासी संदीप और सुनील बाइक पर बैठाकर ले गये थे। आरोप है कि आवर्धन नहर के किनारे बैठकर संदीप और सुनील ने शराब पी और रोहताश को भी जबरन पिलाई। शराब पीने के दौरान पीने का पानी खत्म हो गया। इस पर दोनों आरोपियों ने पानी लाने के लिए रोहताश को भेजा और नहर में धक्का दे दिया। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के खिलाफ रोहताश के पिता की शिकायत पर अपहरण का मामला दर्ज किया गया था। रविवार को रोहताश का शव पिचौलिया हेड पर बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने दोनों युवकों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। थाना प्रभारी तरसेम चंद ने बताया कि रोहताश मंदबुद्धि था। संदीप व सुनील इसे अपनी बाइक पर बैठाकर लाए थे। इन लोगों ने नहर के किनारे बैठकर खुद भी दारू पी और रोहताश को भी जबरदस्ती पिलाई। पानी लाने को लेकर इन लोगों में रोहताश के साथ विवाद हुआ और उसे नहर में धक्का दे दिया। शिकायत के आधार पर हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। साथ ही पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया।