नीलोखेड़ी। शहर के विस्तार शिक्षा संस्थान में आधुनिक कृषि को लेकर चल रहे चार दिवसीय प्रशिक्षण के अंतिम दिन शुक्रवार को ड्रोन व सूचना प्रौद्योगिकी का प्रयोग पर जानकारी साझा की गई। इस दौरान क्षेत्रीय निदेशक डाॅ. संजय कुमार ने कहा कि ड्रोन एक ऐसी ही प्रौद्योगिकी है जिसके प्रयोग से किसानों को काफी मदद मिल सकती है। हरियाणा के साथ साथ पंजाब, झारखंड और जम्मू कश्मीर के विभिन्न विभागों को विस्तार अधिकारियों की सहभागिता वाले प्रशिक्षण कार्यक्रम में डॉ संजय ने कहा कि ड्रोन के माध्यम से बड़े क्षेत्र में बहुत कम समय में कीटनाशकों, खाद, दवाओं का छिड़काव आसानी से हो सकता है। संयोजक डाॅ. अनिल कुमार रोहिला ने कहा कि प्रशिक्षण के दौरान विस्तार अधिकारियों को दृश्या प्रशिक्षण संस्थान का भ्रमण करवाया गया। जहां पर प्रतिभागियों को ड्रोन को उड़ाने का अभ्यास करवाया गया। समापन कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए। इस दौरान संस्थान के सभी कर्मचारी एवं प्रतिभागी मौजूद रहे। संवाद