करनाल। मानसून से पहले शहर के सभी छोटे-बड़े नालों की सफाई कराने की योजना पर कार्य शुरू कर दिया गया। इसमें कर्ण कैनाल नाला, राम नगर नाला व ड्रेन नंबर एक की सफाई कार्य का अनुमान तैयार कर लिया गया। इनमें कर्ण कैनाल ड्रेन एक, दो-तीन की सफाई पर 50 लाख रुपये व्यय किए जाएंगे। इसके अलावा शहर के 24 अन्य मुख्य नालों की भी सफाई कराई जाएगी, जिसका इस्टीमेट तैयार करने के निर्देश संबंधित इंजीनियरों को दिए गए हैं।
नगर निगम आयुक्त डॉ. वैशाली शर्मा ने बताया कि करीब 50 लाख की लागत से तीन किमी लंबी कर्ण कैनाल नाला के फेज 1, 2 व 3 की सफाई पोकलेन मशीनों व ट्रैक्टर की सहायता से सफाई करवाई जाएगी। ड्रेन नंबर एक के करीब डेढ़ किलोमीटर हिस्से की सफाई के लिए 12 लाख रुपये से होगी, जिसमें पोकलेन मशीनों की सहायता से ड्रेन में जमी गाद को बाहर निकाला जाएगा। इसे उचित चौड़ाई में किया जाएगा। राम नगर नाला, जो जीटी रोड स्थित मीरा घाटी आईपीएस (इंटरमीडिएट पम्पिंग स्टेशन) तक जाता है, इसकी सफाई के लिए 21 लाख रुपये से होगी, इसकी लंबाई करीब 4800 मीटर है। जल्द ही इन कार्यों के टेंडर लगा दिए जाएंगे।
शहर में भिन्न-भिन्न जगहों पर मौजूद 24 मुख्य नाले, 11 डिस्पोजल पंप, 42 रेन वाटर हार्वेस्टर तथा मेरठ रोड, फूसगढ़, छपरा खेड़ा, कैलाश आदि गावों तथा उचानी से एनडीआरआई रोड की तरफ आने वाली बॉक्स टाइप ड्रेन की सफाई करवाने के लिए निगम अभियंताओं को अनुमान तैयार करने को कहा गया है। जल्द ही इन कार्यों के अनुमान तैयार कर निविदा लगा दिए जाएंगे। अमृत योजना के तहत बनाए गए स्टोरम वाटर आईपीएस भी पूरी क्षमता के साथ कार्य करेंगे। इसके अलावा छोटे नाले व नालियों की भी अच्छे से साफ-सफाई करवाई जाएगी।