संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। हरियाणा वाल्मीकि जागृति मिशन के गठन के लिए शनिवार को कर्ण लेक पर बैठक का आयोजन हुआ। बैठक में डॉ. धर्मेंद्र कांगड़ा को प्रदेश अध्यक्ष, विक्रम चनालिया को महासचिव तथा एसडीओ रणधीर सिंह गिल को कोषाध्यक्ष चुना गया।
बैठक की अध्यक्षता भारतीय संसद के पूर्व निदेशक अशोक कुमार बिरला व समाजसेवी जयपाल चनालिया ने की। अशोक बिरला को मुख्य संरक्षक व रघुबीर गागट को प्रदेश का मुख्य मीडिया सलाहकार चुना गया। इस अवसर पर नवनियुक्त पदाधिकारियों की नियुक्ति को लेकर सभी ने एक दूसरे को बधाई दी और उनका फूल मालाओं से स्वागत किया। इस मौके पर डॉ. धर्मेंद्र ने कहा कि समाज ने जो जिम्मेदारी उन्हें दी है, वह उसका निर्वहन समाज हित में पूरी ईमानदारी व निष्ठा से करेंगे।
उन्होंने कहा कि समाज के हितों के लिए हमेशा यह संगठन आगे बढ़कर संघर्ष करेगा। उन्होंने समाज के लोगों से अपील की है कि संगठन के साथ मिलकर समाज के अधिकारों को सुरक्षित रखने में अपना भरपूर सहयोग दें। उन्होंने बताया कि सरकारी नौकरियों के लिए अनुसूचित जाति के आरक्षण उपवर्गीकरण किए जाने पर 24 नवंबर को प्रात: 10 बजे एकलव्य स्टेडियम, जींद में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी व कैबिनेट मंत्री कृष्ण कुमार बेदी तथा डीएससी समाज के योद्धाओं का धन्यवाद महारैली का आयोजन किया जा रहा है। इस रैली में भी अधिक से अधिक संख्या में पहुंचें। बैठक में सुभाष बुम्बक, प्रो. विजय कुमार, मनोज परोचा चिड़ाव, एसडीओ करनैल सिंह गिल, सूबेदार जसराज, राजेंद्र चनालिया, बुधराम, मुकेश मौजूद रहे।