असंध। स्वच्छ भारत मिशन हरियाणा के कार्यकारी वाइस चेयरमैन सुभाष चंद्र ने सोमवार को असंध का दौरा करते हुए बस अड्डे की सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। वहां के शौचालय की हालत देखकर उन्होंने बस अड्डा इंचार्ज को मौके पर बुलाकर सफाई व्यवस्था के बारे में कड़े निर्देश दिए।
सफीदों रोड पर दुकानदारों की शिकायत पर वहां पहुंचकर नगर पालिका सचिव प्रदीप जैन को मौके पर बुलाकर कूड़ा उठाने के निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने फल मार्केट व सब्जी मंडी के पीछे लगे गंदगी के ढेर को देखकर डोर टू डोर कचरा उठाने वाले एजेंसी के सुपरवाइजर को लताड़ लगाते हुए कहा कि शहर में सफाई व्यवस्था को सुधारा जाए और जितने भी पॉइंट हैं, उन पर पड़े कचरे को उठाने की व्यवस्था की जाए। उन्होंने नगर पालिका सचिव को निर्देश देते हुए कहा कि डोर टू डोर एजेंसी को नोटिस दिया जाए। इस दौरान उनके साथ चेयरपर्सन सुनीता रानी, पार्षद प्रतिनिधि विजय गर्ग, उमेद सिंह, एसडीओ पब्लिक हेल्थ आदि मौजूद रहे। संवाद