करनाल। जिला नागरिक अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सकों की कमी दूर करने की दिशा में स्वास्थ्य विभाग ने डीएनबी की पढ़ाई का दायरा बढ़ाने की तैयारी शुरू कर दी है। अस्पताल में स्त्री रोग, रेडियोलॉजी और एनेस्थीसिया में डीएनबी कोर्स शुरू कराने के लिए आवेदन किया गया है। इन तीनों कोर्सों को मंजूरी मिलती है तो अस्पताल में एक साथ सात विभागों में डीएनबी की पढ़ाई जनवरी सत्र से शुरू की जानी है।
अस्पताल में पहले चरण में मेडिसिन, जनरल सर्जरी, ऑर्थोपेडिक्स और ईएनटी के डीएनबी कोर्स को मंजूरी मिल चुकी है। अब तीन नए विभागों को इसमें जोड़ने की प्रक्रिया चल रही है। इससे अस्पताल में प्रशिक्षण लेने वाले चिकित्सकों की संख्या और विशेषज्ञ सेवाओं का दायरा बढ़ने की उम्मीद है। जनवरी सत्र से नए कोर्स शुरू कराने के लिए जरूरी औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं। आवेदन को मंजूरी मिलने के बाद संबंधित विभागों में प्रशिक्षण की व्यवस्था शुरू होगी।
डीएनबी की पढ़ाई शुरू कराने के लिए अस्पताल में शैक्षणिक सुविधाएं भी विकसित की जा रही हैं। शासन की ओर से अस्पताल को 40 लाख रुपये का बजट मिल चुका है। इस राशि से लाइब्रेरी का निर्माण कराया जाएगा। इसके लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू की जा रही है। डीएनबी प्रशिक्षण के लिए लाइब्रेरी और अन्य शैक्षणिक संसाधनों को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।