प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय सेक्टर 9 में हुआ कार्यक्रम
संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय सेक्टर-9 में घर बने मंदिर कार्यक्रम पंजाबी बिरादरी भवन में किया गया, जिसमें गीता दीदी भीनमाल ने कहा कि घर को मंदिर बनाने के लिए नारी की सबसे अधिक भूमिका होती है, नारी जो प्रेम से भोजन बनाकर अपने परिवार के सदस्यों को खिलाती है उसमें स्नेह, प्यार, अपनापन होता है, लेकिन आज कुछ माहौल बदलता जा रहा है जिसमें हम बाहरी व्यंजनों के और ज्यादा आकर्षित होते जा रहे हैं और घर के भोजन व रिश्तों को कम महत्व दे रहे हैं।
उन्होंने कहा कि केवल और केवल आज व्यक्ति मोबाइल में और बाह्य संसाधनों को इकट्ठा करने में लगे हुए हैं। साधन तो घर में सब हैं, सेट तो सब हैं, घर सेट हैं लेकिन मन सेट नहीं है। मन को सेट करने के लिए मन की एकाग्रता, शुद्धता और स्वच्छता चाहिए। हम शुद्ध सात्विक घर के बने हुए भोजन को, प्रभु प्रसाद को भगवान को स्वीकार करा कर खाते हैं। खाना बनाते और खाते समय भगवान का बहुत-बहुत शुक्रिया अदा करना चाहिए। उस किसान का भी शुक्रिया अदा करना चाहिए, जिसने इतनी तपती धूप में उसे उगाने में, उसे काटने में और हमारे तक पहुंचाने में सहयोग दिया।
खाना बनाने वाले का भी शुक्रिया करना चाहिए। कभी भोजन का निरादर नहीं करना चाहिए। आज की दुनिया में झूठे दिखावे के लिए शादियों में, अनेक पार्टी में कितना खर्च किया जाता है, इसके बजाए अगर कुछ गरीबों को खिलाया जाए तो कितनी दुआएं हम आत्माओं के प्रति निकलेंगी। इस मौके पर करनाल के विधायक जगमोहन आनंद ने कहा कि घर को मंदिर बनाने के लिए युवा पीढ़ी को आगे आने के लिए प्रेरित करना चाहिए। गीता दीदी ने एक गतिविधि कराई जिसके द्वारा बहू व सास का एक दूसरे के द्वारा सम्मान कराया गया। मौके पर पूर्व मेयर रेणू बाला गुप्ता मौजूद रहीं।
मेरठ-------बच्चा पार्क स्थित सेंट थॉमस चर्च में प्रार्थना सभा मे भाग लेते श्रद्वालु----नीटू- फोटो : वीडियो ग्रैब