सदर थाना क्षेत्र के झंझाड़ी गांव में मंगलवार शाम लॉकडाउन में भी खुली शराब की दुकान से शराब खरीदने के बाद हुड़दंग करना शुरू कर दिया। जिसे लेकर दो पक्षों में विवाद के बाद जबरदस्त पथराव शुरू हो गया। जिससे यहां भगदड़ मच गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर किसी तरह हालात को काबू किया। इसके बाद महिलाओं ने शराब की दुकान को बंद कराने को लेकर जमकर हंगामा किया। उनका कहना था कि जब सब कुछ बंद है तो शराब की दुकानें क्यों खुली हैं? शराब पीकर लोग घरों में भी हंगामा कर रहे हैं।
हरियाणा सरकार ने लॉकडाउन के दौरान आवश्यक वस्तुओं को छोड़कर सभी कुछ बंद करा दिया लेकिन शराब की दुकानें लगातार खुल रही हैं। दिनभर तो लोग बाहर नहीं निकलते लेकिन शाम होते ही शराब की दुकानों पर भारी भीड़ लग जाती है। दुकानों पर ही पीने लगते हैं। वहीं पर हंगामा करते हैं। झंझाड़ी गांव में मंगलवार शाम को कुछ ऐसा ही हुआ। आरोप है कि कुछ लोगों ने शराब पी और हंगामा करना शुरू कर दिया। किसी महिला पर भी टिप्पणी कर दी। इसके बाद दो पक्षों में विवाद हो गया। कुछ ही देर में दोनों पक्षों की ओर से पथराव शुरू हो गया। आलम यह था कि सड़क पर पत्थर ही पत्थर नजर आने लगे। गांव में अफरा तफरी मच गई। सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पथराव करने वालों को तितर-बितर किया। बताया जा रहा है कि पथराव के दौरान दो तीन लोगों को ईंट पत्थर लगे हैं, जो मामूली रूप से घायल भी हुए हैं। भीड़ को भी खदेड़ कर घरों के अंदर भेजा लेकिन कुछ देर बाद महिलाएं एक बार फिर बाहर निकल आई और शराब की दुकानों को बंद करने की मांग करने लगी। उनका कहना है कि जब सरकार ने सभी कुछ बंद करा दिया है तो शराब की दुकानें क्यों बंद नहीं करा रही है। इन दिनों लोगों को घरों में रहना है, शराब पीकर लोग घरों मे हंगामा कर रहे हैं, जिससे परिजनों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। शराब के ठेकों को तत्काल प्रभाव से बंद कराने की मांग की है।