संवाद न्यूज एजेंसी
नीलोखेड़ी (करनाल)। सब्जी पसंद न आने पर एक दंपती के बीच विवाद हो गया। गुस्साए पति ने पत्नी पर लाइसेंसी बंदूक तान दी और बाद में आंगन में जाकर हवाई फायर कर दिया। पत्नी ने पति के खिलाफ पुलिस में शिकायत दी है।
रायपुर रोड़ान गांव निवासी दर्शनी देवी ने बुटाना थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसके दो बच्चे हैं। सात फरवरी को रात करीब आठ बजे उसका पति हीरालाल ड्यूटी से घर आया और सब्जी पसंद न आने पर उससे कहासुनी हो गई। उसने पति से कहा कि वह सब्जी और बना देगी मगर उसका पति भड़क गया और उसके साथ गालीगलौज व मारपीट करने लगा। उसने शोर मचाया तो उसकी आवाज सुनकर आसपास के लोग एकत्रित हो गए। इसके बाद पति ने गुस्से में आकर अपनी लाइसेंसी बंदूक उठाकर उस पर तान दी। फिर पति आंगन में गया और हवाई फायर कर दी। महिला का आरोप है कि हवाई फायर करने के बाद उसका पति उससे बोला कि आज तो वह बच गई फिर उससे किसी बात को लेकर बहस की तो वह उसे जान से मार देगा। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।