करनाल। बल्ला गांव में बिजली बिल के बंटवारे पर सास-बहू के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि बहू ने अपनी 60 वर्षीय सास को जमीन पर गिराकर पीटा। घटना का वीडियो भी सामने आया है। इसमें महिला मदद के लिए गुहार लगा रही है। शिकायत मिलने के बाद बल्ला पुलिस चौकी ने आरोपी बहू के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
बल्ला निवासी कृष्णा अपने इकलौते बेटे बिजेंद्र से अलग रहती हैं। कृष्णा का अपनी पुत्रवधू रेणु से बिजली बिल पर विवाद चल रहा है। कनेक्शन कृष्णा के पति पालेराम के नाम पर है लेकिन बिजली का इस्तेमाल दोनों परिवार करते हैं। बिजली का बिल अधिक आने के कारण कृष्णा इसे भरने में असमर्थ थीं जबकि रेणु बिल को दोनों परिवारों के बीच आधा-आधा बांटने पर जोर दे रही थी। घटना के दो दिन बाद 27 अक्तूबर को कृष्णा ने बल्ला पुलिस चौकी में पुत्रवधू रेणु के खिलाफ शिकायत दी। जांच अधिकारी रोहताश कुमार ने बताया कि शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
मीटर उतरवाने के बाद बढ़ा तनाव
शिकायत के अनुसार, बिजली बिल पर विवाद के बीच मीटर उतरवा दिया गया। इससे बहू और बुरा मानने लगी। आरोप है कि 25 अक्तूबर को इसी विवाद के दौरान रेणु ने कृष्णा की पिटाई की। वीडियो में बहू अपनी सास को धमका रही है जबकि कृष्णा लोगों से चौकी में फोन करने की गुहार लगाती है। वीडियो में एक युवती दोनों के बीच बचाव कराने की कोशिश करती भी दिखाई देती है।