आबकारी कराधान कार्यालय में मिली गंदगी, मांगा जवाब
माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। स्वच्छ भारत मिशन हरियाणा के कार्यकारी वाइस चेयरमैन सुभाष चंद्र ने कहा कि सबसे पहले स्वच्छता नियमों को सरकारी कार्यालयों में कड़ाई से लागू किया जाए। जब सरकारी कार्यालयों में ऐसा नहीं होता, तब तक स्वच्छता के लिए उपदेश देना ठीक नहीं है। ये बात उन्होंने शुक्रवार को आबकारी एवं कराधान और परिवहन विभाग के कार्यालयों का औचक निरीक्षण के दौरान कही। उन्होंने जिला कराधान अधिकारी संदीप दहिया से स्पष्टीकरण मांगा।
मिशन के वाइस चेयरमैन सबसे पहले वे महात्मा गांधी चौक स्थित कराधान विभाग के दफ्तर में पहुंचे। यहां पर कार्यालय के आसपास काफी घास फूस खड़ी थी, इसके अलावा काफी कंडम वाहन भी कार्यालय के प्रांगण में नजर आए। सुभाष चंद्र ने जिला कराधान अधिकारी संदीप दहिया से स्पष्टीकरण मांगा। संस्थान के मुखिया ने वाइस चेयरमैन को बताया कि उनका कार्यालय किराए पर चल रहा है जो जल्द ही यहां से अन्य स्थान पर शिफ्ट होने वाला है। जिस इमारत में उनका ऑफिस है वह काफी कंडम हालत में है। खस्ताहाल के कारण ही कार्यालय को अन्य स्थान पर शिफ्ट किया जा रहा है। संदीप दहिया ने बताया कि नीलामी न होने की वजह से कंडम वाहन काफी समय से यहां खड़े हुए हैं जल्द ही इनकी नीलामी करवा कर व्यवस्थाओं को चुस्त-दुरुस्त कर दिया जाएगा।
सुभाषचंद्र ने सरकारी विभागों के मुखियाओं को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर निरीक्षण के दौरान कार्यालयों में स्वच्छता मानकों का पालन सुनिश्चित नहीं पाया गया तो उन्हें सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट एक्ट के तहत नोटिस देकर कार्यवाही की जाएगी। कराधान और परिवहन विभाग में रेन हार्वेस्टिंग, शौचालय, सफाई, पीने के पानी, सॉलिड वेस्ट निस्तारण, पौधारोपण समेत अन्य पहलुओं पर अलग-अलग कैटेगरी में संस्थानों का निरीक्षण किया।
बॉक्स ऱ्
सुभाष चंद्र ने परिवहन विभाग के महाप्रबंधक कुलदीप सिंह के साथ संस्थान का निरीक्षण किया और उन्हें बस अड्डे पर होने वाली उद्घोषणा में स्वच्छता और साफ सफाई रखने की अपील करने के निर्देश दिए। उन्होंने महाप्रबंधक को सभी बसों में डस्टबिन लगाने के लिए भी कहा ताकि यात्री कूड़े कचरे को बस के अंदर या सड़क पर ना फेंके। इस पर रोडवेज महाप्रबंधक कुलदीप सिंह ने सहमति जताते हुए इन व्यवस्थाओं को जल्द लागू करने की बात कही।