ओवरलोडिड वाहनों की आवाजाही नहीं हुई बंद, लगाया जाम
- फोटो : Amar Ujala
टोल टैक्स से बचने के लिये बड़े ओवरलोड वाहनों की आवाजाही बंद न होने से नाराज गांव बड़ौता के ग्रामीणों ने सड़क पर जाम लगा दिया। प्रशासन के आदेशों के बावजूद ओवरलोड वाहन यहां से गुजर रहे हैं, जिस कारण ग्रामीण परेशान है। लोगों का कहना है कि इस रास्ते से ओवरलोड वाहनों का गुजरना बंद किया जाए। वहीं, बता दें कि यहां से बड़े वाहनों के आने पर डीसी ने रोक लगा रखी है, लेकिन डीसी के आदेशों की परवाह किए बगैर रोजाना सैकड़ों की संख्या वाहन यहां से गुजरते हैं।
उपायुक्त के आदेश हैं कि मूनक से घोघड़ीपुर की ओर जाने वाली सड़क पर ओवरलोड वाहन नहीं चलेंगे। लेकिन इस सड़क पर पूरा दिन वाहनों की आवाजाही रहती है। इससे खफा ग्रामीणों ने रविवार को प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने कहा कि प्रशासन के आदेशों के बाद भी वाहन यहीं से गुजरते हैं, आदेशों को दरकिनार किया जा रहा है। इससे हादसों की आशंका बढ़ रही है। इतना ही नहीं इससे कई लोगों की मौत भी हो चुकी है। जिला अधिकारियों के आदेश के बाद भी ये वाहन नहीं रुके इसी कारण ग्रामीणों ने खुद ही इन वाहनों को रोकने के लिए रास्ता जाम कर दिया। एक सप्ताह पूर्व पंचायत में जिला अधिकारियों को एक सप्ताह का समय दिया था कि यहां से गुजरने वाले वाहनों को रोका जाए, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई।