करनाल। जिले में डायरिया के मरीज लगातार बढ़ रहे हैं। जिला नागरिक अस्पताल में इस समय सात मरीज भर्ती हैं, जबकि पिछले एक महीने में करीब 50 मरीज इलाज लेकर डिस्चार्ज हो चुके हैं। नागरिक अस्पताल की जनरल ओपीडी में रोजाना 6 से 7 नए मरीज डायरिया के आ रहे हैं। कई मरीजों की हालत सामान्य होती है। ऐसे मरीजों को दवाई के साथ घर पर ही हल्का खाना और साफ पानी पीने की सलाह दी जाती है। वहीं गंभीर मरीजों को अस्पताल में भर्ती कर इलाज दिया जा रहा है।
डायरिया के मरीज गांव और शहर दोनों इलाकों से आ रहे हैं। नागरिक अस्पताल से वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. कुलबीर का कहना है कि बरसात के मौसम में दूषित पानी और अस्वच्छता के कारण डायरिया फैलने की आशंका बढ़ जाती है। बरसात के मौसम में डायरिया के मरीजों की संख्या बढ़ना आम बात है क्योंकि बारिश के कारण नालियों और गलियों में गंदा पानी जमा हो जाता है, जिससे संक्रमण फैलता है। दूषित पानी पीने से मक्खी और मच्छर खाने पर बैठते हैं। इसके साथ ही इस मौसम में नमी और जाती है और सब्जियां भी जल्दी खराब हो रही है। बासी व असुरक्षित भोजन खाने से भी बीमारी तेजी से फैलती है। उन्होंने कहा कि साफ पानी पीना, भोजन को ढककर रखना और व्यक्तिगत स्वच्छता अपनाना ही डायरिया से बचाव का सबसे कारगर उपाय है।
-ये करें उपाय
पीने का पानी हमेशा उबालकर या फिल्टर करके इस्तेमाल करें
घर के आसपास गंदगी न होने दें और हाथ धोने की आदत को अपनाएं
फल व सब्जी धोकर खाएं और बाहर का खाना न खाएं