संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। पुरानी अनाज मंडी स्थित श्री खाटू श्याम मंदिर में पापमोचनी एकादशी के अवसर पर श्री खाटू श्याम बाबा के दर्शन करने के लिए सुबह से श्रद्धालु मंदिर में पहुंचने शुरू हो गए थे। ये सिलसिला देर रात तक जारी रहा। बाबा को चढ़ाने के लिए श्रद्धालु गुलाब का फूल और ध्वजा लेकर पहुंचे।
पंडित दीपक पांडे, उमेश पांडे और अनुपम त्रिपाठी ने कोलकाता से लाए फूलों से बाबा का शृंगार किया। श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि की कामना की। एकादशी के उपलक्ष्य में मंदिर में कीर्तन का आयोजन भी किया गया। कीर्तन के दौरान हुए गुणगान के माध्यम से श्रद्धालुओं को पापमोचनी एकादशी का महत्व बताया गया। मंदिर कमेटी की ओर से श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। इस मौके पर पंडित दीपक पांडे ने बताया हिंदू पंचांग के अनुसार चैत्र माह के कृष्ण पक्ष की एकादशी को पापमोचनी एकादशी का व्रत किया जाता है।
पापमोचनी एकादशी व्रत करने से सभी पापों का नाश होता है और घर में सुख-समृद्धि आती है। पापमोचनी एकादशी के दिन व्रत व पूजा अर्चना करने से लक्ष्मी जी के साथ ही श्रीहरि विष्णु की कृपा भी प्राप्त होती है। इस अवसर पर मुख्य सेवक देसराज गुप्ता ने बताया कि श्री खाटू श्याम मंदिर में हर एकादशी पर भजन कीर्तन का आयोजन किया जाता है। इस अवसर पर राजेश गर्ग, एम.के गुप्ता, अनिल गर्ग, राम करण, अशोक सिंघला, पवन गुप्ता, राजेश सिंघला व हरीश के साथ अन्य श्रद्धालु उपस्थित रहे।