माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। तीन सेक्टरों की ग्रीन बेल्ट में 1.28 करोड़ रुपये से विभिन्न विकास कार्यों की शुरुआत हो चुकी है। 43.55 लाख रुपये से सेक्टर-13, 14 अैर 6 की ग्रीन बेल्ट में चहारदीवारी की मरम्मत, ग्रिल फेंसिंग, गेट एवं अन्य कार्य कराए जा रहे हैं। 41.91 लाख रुपये से सेक्टर-13 एवं 14 में टहलने के रास्ते का नवीनीकरण, टाइल्स एवं इंटरलॉकिंग पावर ब्लॉक्स का काम होना है।
इनके अलावा 42.75 लाख रुपये की लागत से गार्डन बेंच, डस्टबिन, रेन शेल्टर एवं मल्टी प्ले स्टेशन लगाया जाएगा। शुक्रवार को महापौर रेणु बाला गुप्ता और विधायक जगमोहन आनंद ने कार्यों का शुभारंभ किया।
महापौर ने कहा कि शहर को आधुनिक, स्वच्छ और हरित शहर बनाने के लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्य किया जा रहा है। उनका लक्ष्य स्मार्ट करनाल, ग्रीन करनाल और क्लीन करनाल की परिकल्पना को धरातल पर उतारना है। विधायक जगमोहन आनंद ने कहा कि ये विकास कार्य शहर के इंफ्रास्ट्रक्चर को सुदृढ़ करने के साथ-साथ हरित क्षेत्र को बढ़ावा देने में सहायक होंगे।
संपदा अधिकारी अदिति, एक्सईएन बागवानी डॉ. निधि भारद्वाज, वरिष्ठ समाजसेवी कैलाश चंद गुप्ता, पार्षद संकल्प भंडारी, पार्षद गौरव नागपाल, विकास कथूरिया, जिला उपाध्यक्ष प्रियंका काठपाल आदि उपस्थित रहे।