फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Karnal News: गड्ढे ढककर चमकाया विकास, चंद बूंदों ने उठाया नकाब

विज्ञापन
गड्ढे ढककर चमकाया विकास, चंद बूंदों ने उठाया नकाब
विज्ञापन
गगन तलवार
विज्ञापन




करनाल। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की पदयात्रा में गड्ढे ढककर जिस विकास को चमकाया जा रहा था, उस पर से बारिश की चंद बूंदों ने ही उसकी गुणवत्ता से नकाब उठा दिया। पदयात्रा के लिए रातोंरात चमकाई गई सड़क पर जहां नई लेयर बिछाई थी अब वहीं पर तारकोल छोड़ चुकी बजरी बिखरी है। इससे सड़क की हालत पहले से ज्यादा खराब नजर आ रही है।



सेक्टर-12 से महात्मा गांधी चौक तक 28 अक्तूबर की रात को प्रशासन ने गड्ढे भरने के लिए पैचवर्क कराया। मकसद था कि इसी मार्ग से पांच नवंबर को गुजरने वाली ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा के दौरान सड़क दुरुस्त दिखे लेकिन 29 अक्तूबर को हुई महज 11 मिमी बूंदाबांदी के बाद ही पैच उखड़ गए।
विज्ञापन




अमर उजाला की पड़ताल में सामने आया कि जिस मार्ग पर प्रशासन ने विशेष ध्यान दिया, वहां मरम्मत टिकाऊ साबित नहीं हुई। रात में भरे गए छोटे-बड़े गड्ढों के पैच अगले दिन ही उखड़ गए। सड़क पर बिखरी बजरी वाहन चालकों के लिए परेशानी का कारण बन रही है। दोपहिया वाहन चालकों के फिसलने का खतरा भी बना हुआ है। लोगों का कहना है कि गड्ढे भरने के नाम पर जल्दबाजी में किया गया काम सड़क को सुधारने के बजाय और बिगाड़ गया। अब सवाल है कि जब इतनी कम बारिश में पैच नहीं टिके तो सामान्य बारिश में सड़क का क्या हाल होगा। यह सड़क रेडीमेड और सामान्य दोनों तारकोल सामग्री से बनी है। ब्यूरो



रेडीमेड तारकोल से पैचवर्क हुआ तो गुणवत्ता की जांच जरूरी



सड़क सुरक्षा विशेषज्ञ एडवोकेट संदीप राणा, तेजपाल और शुभम भारद्वाज का कहना है कि पैचवर्क में इस्तेमाल सामग्री और उसे बिछाने की तकनीक की जांच जरूरी है। यदि रेडीमेड तारकोल से मरम्मत की गई थी तो भी बजरी उखड़ने के कारणों की पड़ताल होनी चाहिए। क्योंकि रेडीमेड तारकोल तुरंत पकड़ बना लेता है। किसी बड़े आयोजन से पहले सड़क सुधार का काम केवल दिखावे तक सीमित नहीं रहना चाहिए। गुणवत्ता से समझौता होने पर सरकारी खर्च भी बेकार जाता है और वाहन चालकों की सुरक्षा पर भी खतरा बढ़ता है।



नई लेयर के बावजूद संडे मार्केट की लिंक रोड पर पानी



संडे मार्केट की लिंक रोड पर भी सड़क निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठ रहे हैं। पाठक अस्पताल से मुगल कैनाल तक सड़क पर नई लेयर बिछाई गई है लेकिन समतल काम नहीं होने के कारण कई जगह पानी जमा हो गया। पेट्रोल पंप के साथ और अस्पताल के सामने सड़क पर पानी ठहरा दिखाई दिया। इससे साफ है कि सड़क निर्माण में केवल नई परत बिछाना पर्याप्त नहीं, बल्कि ढलान और जल निकासी का ध्यान रखना भी जरूरी है।



पैक्ड विशेष सामग्री दो गुना तक पड़ती है महंगी



सड़क सुरक्षा विशेषज्ञ शुभम ने बताया कि सड़क निर्माण की पैक्ड विशेष सामग्री कम तापमान में भी पकड़ बना लेती है। इसे तैयार करना नहीं पड़ता, पैकिंग खोलों और इस्तेमाल कर सकते हैं। यह सामान्य तरीके से की जाने वाली मरम्मत से दो गुणा महंगा पड़ता है। यह जहां एक बार चिपक गया, वहां से सड़क टूटती नहीं है।



15 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान की सर्दी और बारिश के मौसम में तारकोल के अंदर जो तेलीय सामग्री होती है वह पकड़ नहीं बना पाती। इसलिए ऐसे समय में इस विशेष सामग्री का इस्तेमाल होता है। जिस दिन सड़क बनी थी उस दिन न्यूनतम तापमान 13.2 डिग्री सेल्सियस था।
विज्ञापन




सड़कों की मरम्मत कराई जा रही है। अभी जो सड़क उखड़ी है, वहां नई लेयर बिछाई जाएगी। सड़क बनने के तुरंत बाद ही बारिश हो गई थी।- धर्मबीर सिंह, एसई, एचएसवीपी
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें