करनाल। भाजपा के लिए ये होली खास हो गई है। जीत मिलने के बाद से ही कहीं गुलाल और कहीं सुगंधित फूलों से होली खेली जा रही है। वीरवार को भाजपा ने केंद्रीय ऊर्जा, आवासीय एवं शहरी विकास मंत्री मनोहर लाल की मौजूदगी में जीत के जश्न के साथ फूलों की होली खेली, जिसमें कार्यकर्ताओं, नवनिर्वाचित प्रतिनिधियों, विधायकों सहित राधा कृष्ण वेशधारी कलाकारों से होली के गीतों पर थिरकते नजर आए। इस दौरान मनोहर लाल ने निकाय चुनाव की जीत को विकास और विश्वास की जीत बताते हुए नवनिर्वाचितों से जनता की अपेक्षा पर खरा उतरने को कहा।
केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने कहा कि होली का त्योहार हम सभी को मतभेद भुला कर मनाना चाहिए। उन्होंने कार्यकर्ताओं के बीच में जाकर उन पर फूलों की बरसात की और फूलों की होली खेली कर भाईचारे की मजबूती का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि अब प्रदेश में विकास कार्य और तेज गति से होंगें तथा ट्रिपल इंजन की सरकार विकास कार्यों को और गति देगी। इस मौके पर नीलोखेड़ी के विधायक भगवान दास कबीरपंथी, पूर्व सांसद संजय भाटिया, बृज गुप्ता, निर्मला बैरागी, मेघा भंडारी, आजाद सिंह, कविंद्र राणा, प्रवीण लाठर, मुकेश अरोड़ा, ईलम सिंह, डॉ. अशोक कुमार सहित असंध नगरपालिका की नव निर्वाचित अध्यक्ष सुनीता अरड़ाना, नीलोखेड़ी नगरपालिका की नव निर्वाचित अध्यक्ष सनमित कौर तथा नवनिर्वाचित सभी निगम पार्षद मौजूद रहे।