- लार्वा मिलने पर 10 मकान मालिकों को नोटिस
संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। डेंगू अब बेकाबू होता जा रहा है। अक्तूबर में अब तक 186 केस सामने आ चुके हैं। कुल संख्या 251 पर पहुंच चुकी है हालांकि विभाग की टीमें रोजाना घर-घर जाकर मच्छर का लार्वा तलाश कर उन्हें नष्ट करवा रही है।
उप-सिविल सर्जन डॉ. अनु शर्मा ने बताया कि टीमों ने रविवार को 1532 घरों को खंगाला। जिसमें 17 घरों में लार्वा मिला और 10 मकान मालिकों को नोटिस थमाया। रविवार को 210 संदिग्ध मरीजों की जांच में 10 डेंगू पॉजिटिव मिले हैं। वहीं जिले में बुखार से पीड़ित 7641 संदिग्ध मरीजों की जांच में 251 डेंगू पॉजिटिव केस सामने आ चुके हैं। उन्होंने बताया कि टीम अभी तक 11,64,474 घरों में डेंगू का लार्वा खंगाला। इनमें 7724 घरों में लार्वा मिला और 4053 मकान मालिकों को नोटिस थमाया है।
उन्होंने बताया कि डेंगू मिलने पर फॉगिंग व एंटी लार्वा गतिविधियां करने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं सभी तरह का बुखार डेंगू नहीं होता है। बुखार होने पर बिना समय गंवाए डॉक्टर से संपर्क करें। डॉक्टर जांच के बाद जैसा परामर्श दें उसके अनुसार अपना इलाज करवाएं।
डेंगू के लक्षण
डेंगू बीमारी की शुरुआत तेज बुखार और सिरदर्द व पीठ में दर्द से होती है। शुरू के दिनों में शरीर के जोड़ों में दर्द होता है। आंखें लाल हो जाती है। डेंगू बुखार दो से चार दिनों तक होता है उसके बाद शरीर का तापमान धीरे-धीरे सामान्य होने लगता है। बुखार के साथ ही शरीर में खून की कमी होने लगती है। जनवरी में एक, फरवरी में एक, मार्च में शून्य, अप्रैल में एक, मई में एक, जून में दो, जुलाई में चार, अगस्त में 11, सितंबर 44 और अक्तूबर में 186 डेंगू मरीज मिल चुके हैं।