करनाल जिले के घरौंडा के गांव के तीसरी कक्षा के छात्र विजय को डेंगू पॉजिटिव पाये जाने के बाद से स्वास्थ्य विभाग अलर्ट हो गया है। विभाग की टीमें शहर और गांवों में लगातार जांच कर रही हैं और बुखार से पीड़ित संदिग्धों की स्लाइडें ले रही हैं। उधर, स्वास्थ्य विभाग ने पिछले साल निजी डाक्टरों और निजी जांच लैबों द्वारा डेंगू के नाम पर डराकर मोटी रकम कमाने के मामलों से सबक लेते हुए पहले ही इसकी तैयारी कर रही है। विभाग ने सभी निजी अस्पतालों और लैब को पत्र जारी करके डेंगू जांच के लिए छह सौ रुपये निर्धारित किए हैं, अगर कोई ज्यादा पैसे लेता मिला तो उसके खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। उधर, चंडीगढ़ पीजीआई में दाखिल छात्र विजय की हालत नाजुक है।
बता दें कि पिछले साल डेंगू ने जिले में जमकर कहर मचाया था। डेंगू से छह से सात लोगों की मौत हुई थी, इनमें पूर्व मंत्री मीना मंडल भी शामिल रही थी। इसके अलावा, जिलेभर के अस्पतालों में डेंगू के नाम पर डाक्टरों द्वारा मोटी रकम वसूलने के मामले भी सामने आए थे। साथ ही जांच लैबों ने भी डेंगू के नाम पर हजारों रुपये टेस्ट के तौर पर लिए थे। अब घरौंडा के छात्र विजय के डेंगू पॉजिटिव पाये जाने पर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट हो गया है। राजकीय मेडिकल कालेज में अलग से वार्ड बना दिया गया है और स्टेट लैब में डेंगू के दोनों टेस्टों के लिए पुख्ता व्यवस्था की गई है। वहीं, ब्लड बैंक में पर्याप्त प्लेटलेटस की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा, निजी अस्पतालों व लैब को सिविल सर्जन ने पत्र लिखकर मरीजों को न डराने व सही तरीके से इलाज करने की हिदायत दी है।
वर्जन
हम पूरी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। गांवों व शहर में टीमें लगातार चेंकिंग कर रही हैं और बुखार से पीड़ितों की स्लाइडें ली गई हैं। अभी तक एक ही मामला डेंगू का सामने आया है। विभाग पूरी तरह से अलर्ट है और डेंगू से बचाव के लिए सभी इंतजाम कर लिए गए हैं।
डा. संतलाल वर्मा, सिविल सर्जन करनाल