संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। सर्दी बढ़ने के बावजूद डेंगू थम नहीं रहा है। जिला स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, रोजाना दो से चार नए मरीज मिल रहे हैं। अब तक जिले में कुल 187 केस दर्ज किए जा चुके हैं। बुधवार को भी डेंगू के दो और मरीज मिले। नवंबर के शुरुआती 12 दिनों में 23 मरीज मिल चुके हैं।
अक्तूबर माह में 91, सितंबर में 42 और अगस्त में 17 मरीज मिले थे। विशेषज्ञों का कहना है कि तापमान में गिरावट के बावजूद मच्छरों के प्रजनन स्थलों पर पर्याप्त सफाई न होने से संक्रमण का खतरा बना हुआ है। इधर रोजाना घर-घर लार्वा जांच जारी है। बुधवार को भी आठ घरों में लार्वा मिला। सभी के मकान मालिकों को नोटिस थमाया गया है। अब तक स्वास्थ्य विभाग की शहरी 16 और ग्रामीण 150 टीमें 13,54,440 घरों में लार्वा की जांच कर चुकी हैं। इनमें से कुल 10,508 घरों में लार्वा मिला और 4,454 मकान मालिकों को नोटिस थमाया जा चुका है।