संवाद न्यूज एजेंसी
घरौंडा। कश्यप चौपाल के पास सतीश की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के मामले की बुधवार को दूसरा पक्ष डीएसपी मनोज कुमार से मिला। दूसरे पक्ष के लोगों का कहना था कि इस मामले की गहनता से जांच की जाए ताकि सच्चाई सामने आ सके। घरौंडा निवासी सतीश कुमार की मौत तीन जून को हो गई थी।
जिसका अंतिम संस्कार बिना पोस्टमार्टम के कर दिया था। परिजनों को लगभग एक सप्ताह के बाद मृतक की दुकान के गल्ले से सुसाइड नोट मिला। इसके बाद मृतक की वीडियो भी वायरल मिली। जिसके बाद मृतक की पत्नी ने पति को आत्महत्या करने के लिए मजबूर करने के आरोप में 14 लोगों के खिलाफ पुलिस को शिकायत दी थी। सोशल मीडिया पर वायरल दुकानदार सतीश कश्यप का वीडियो 22 अक्टूबर 2024 का बताया जा रहा है। इसमें मृतक सतीश कश्यप कह रहा है कि जिस दुकान को लेकर विवाद हुआ, वह उसने 32 साल पहले नीलामी में ली थी। उस समय दुकान का किराया 400 रुपये तय हुआ था, जो वह नियमित रूप से देता रहा। सतीश ने यह भी कहा कि अन्य दुकानदारों ने किराया बढ़ने और दुकानें खाली होने पर आपत्ति जताई लेकिन उसने हमेशा चौपाल के नियमों का पालन किया।