- दीपावली पर आकर्षक ऑफर वाले सामान उपलब्ध, 10 शोरूमों पर होगी खरीदारी
संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। दिवाली पर इस बार दो पहिया वाहनों में इलेक्ट्रिक स्कूटी की मांग काफी बढ़ी है। पेट्रोल की बढ़ती कीमतों के चलते लोग इलेक्ट्रिक वाहन को ज्यादा तवज्जो दे रहे हैं। वहीं इस बार चीन के बजाय स्वदेशी लड़ियों की खरीदारी का ज्यादा क्रेज है।
शहर में 10 इलेक्ट्रिक स्कूटी के शोरूमों से लगभग 160 स्कूटियां धनतेरस पर बिकेंगी, जिनमें से करीब 85 की अग्रिम बुकिंग हो गई है। वहीं टू व्हीलर में अलग-अलग कंपनी की बाइक व स्कूटर भी काफी बिकने की उम्मीद है। यदि अकेले शोरूम की बात करें तो 50 के करीब स्कूटी की बिक्री होगी।
महंगाई के इस दौर में लोग कम बजट की सीएनजी गाड़ियां भी बेहद पसंद कर रहे हैं। स्कूटी के साथ-साथ बाजार में इलेक्ट्रिक सामान पर भी ऑफर की बहार है। बिजली से चलने वाली लड़ियों की बात करें तो बाजार में विभिन्न रंगों व आकर्षक किस्मों की लड़ियां उपलब्ध हैं।
ग्राहकों को लुभा रही इलेक्ट्रिक स्कूटी
इस बार इलेक्ट्रिक स्कूटी ऑफर ग्राहकों को खूब लुभा रहे हैं। इसमें टीवीएस की आई क्यूबी स्कूटी शामिल है। इसके साथ-साथ ओला कंपनी की स्कूटी की भी दीपावली पर्व के लिए अग्रिम बुकिंग की जा रही है। इस समय मार्केट में अच्छे ब्रॉड की स्कूटियों की बहुत मांग है। ग्राहक उच्च गुणवत्ता की बेहतर बैटरी और ज्यादा किलोमीटर तय करने वाली स्कूटी देखता है।
- कर्ण
स्वदेशी सामान की मांग
इस बार दीपावली पर अगर इलेक्ट्रॉनिक सामान की खरीदारी की बात करें तो स्वदेशी सामान की खूब मांग हो रही है। इलेक्ट्रॉनिक सामान में एक के साथ एक फ्री तथा कम कीमतों पर अपने देश के बने हुए उपकरणों को ग्राहक खुश होकर खरीद रहा है। इससे पहले बाजार में चीन के आइटम की भरमार रहती थी जिनकी न तो कोई गारंटी होती थी न ही कोई वारंटी होती थी। अब स्वदेशी खरीदने से ये तो संतोष रहेगा कि देश का पैसा देश में ही रहेगा।
- रोहन