माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 75वें जन्मदिन पर भाजपा जिला कार्यालय कर्ण कमल में आयोजित रक्तदान शिविर में केंद्रीय ऊर्जा, आवासन एवं शहरी मामलों के मंत्री मनोहर लाल भी मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे। उन्होंने प्रधानमंत्री को जन्मदिन की शुभकामनाएं देने के साथ ही कहा कि दिल्ली के भलस्वा डंपिंग साइट में दशकों से जमा कूड़े के पहाड़ को एक साल के भीतर साफ किया जाएगा। इसके लिए योजना की घोषणा की गई है। इस काम में देश भर के लोगों का सहयोग मिल रहा है।
कर्ण कमल में सुबह से भाजपा जिला अध्यक्ष प्रवीण लाठर की अध्यक्षता में रक्तदान शिविर लगाया गया। जिसमें 405 यूनिट रक्त एकत्रित हुआ। क्षेत्रीय सांसद एवं केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल रक्तदानियों को प्रमाणपत्र वितरित किए। उन्होंने कहा कि आज देशभर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन मनाया जा रहा है। देशभर में सेवा पखवाड़े की शुरुआत की गई है, जो दो अक्तूबर गांधी जयंती तक चलेगा।
इस मौके पर करनाल विधायक जगमोहन आनंद, असंध विधायक योगेंद्र राणा, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रवीन लाठर, मेयर रेनू बाला गुप्ता, सांसद प्रतिनिधि कविंद्र राणा, भाजपा जिला प्रभारी भारत भूषण जुयाल, पूर्व मंत्री शशिपाल मेहता, पूर्व डिप्टी मेयर कृष्ण गर्ग, स्वच्छ भारत मिशन के वाइस चेयरमैन सुभाष चंद्र, एडवोकेट विजय वेदपाल, गुलाब सिंह मूनक आदि मौजूद रहे।