- डबरी में डीसी और एसपी का रात्रि ठहराव में लोगों की रखी समस्याएं, आधार, बीपीएल कार्ड व पेंशन शिकायत पर तुरंत समाधान
माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। डीसी साहब! नहर के पुल और घाट पर कुछ लोग हुड़दंगबाजी करते हैं, इस पर कार्रवाई कराओ। हमारा जीना मुश्किल हो रहा है। गांव डबरी के लोगों की इस शिकायत को सुनकर उपायुक्त उत्तम सिंह सख्त हो गए। उन्होंने सिंचाई विभाग को यहां वर्टिकल दीवार बनाने के निर्देश दिए। साथ ही एसपी गंगाराम पूनिया से कहा कि यहां गश्त बढ़ाएं।
मुख्यमंत्री के निर्देश पर डीसी और एसपी ने गांव डबरी में रात्रि ठहराव कार्यक्रम का आयोजन किया। उन्होंने यहां की समस्याओं को सुना और मौके पर निवारण किया। इसके अलावा गांव का दौरा भी किया और जिन समस्याओं को मौके पर पाया, उसके समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को तत्काल निवारण करने के निर्देश दिए।
इस दौरान विभिन्न विभागों की टीम भी में पहुंची। एक व्यक्ति का बीपीएल कार्ड मौके पर बनाया गया। इसके साथ-साथ एक व्यक्ति का एएवाई (गुलाबी कार्ड) बनाया गया। एक महिला ने पेंशन से जुड़ी समस्या को रखा, क्रीड की टीम ने मौके पर उसके रिकॉर्ड को चेक किया और उसके जन्म प्रमाणपत्र की त्रुटि को ठीक करने के लिए कहा, ताकि जल्द से जल्द पेंशन बन सके। सीमा देवी ने आधार कार्ड बनाया गया।
लाइब्रेरी को मिलेंगी किताबें
डीसी ने गांव का दौरा किया तो उन्होंने लाइब्रेरी का अवलोकन किया। उन्होंने लाइब्रेरी में नई किताबें उपलब्ध करवाने का आश्वासन दिया ताकि बच्चे अधिक से अधिक किताबों का लाभ उठा सकें। डीसी के समक्ष गांव की सेल्फ हेल्प ग्रुप की महिलाओं ने बैठक करने के लिए एक भवन उपलब्ध करवाने की मांग रखी। इस पर उन्होंने सीईओ जिला परिषद गौरव कुमार को कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
पानी की पाइप लाइन को बदलने की मांग
ग्रामीणों ने डीसी के समक्ष गांव की पाइप लाइन बदले की मांग रखी। इस पर डीसी ने सीईओ जिला परिषद को इस संबंध में आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए। इसके साथ-साथ गांव में देवी अहिल्याबाई हॉल के निर्माण, स्टेडियम बनाने की मांग भी रखी गई। इस पर उन्होंने फिजिबिलिटी चैक करवा कर कार्यवाही करने का आश्वासन दिया।