- नौ नए केस आए, लार्वा मिलने पर थमाए जा रहे नोटिस
संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। जिले में डेंगू का खतरा बढ़ता जा रहा है। डेंगू मरीजों का आंकड़ा 200 के पार जा चुका है। ऐसे में आमजन को जागरूक होने की जरूरत है। सोमवार को टीमों ने 14439 घरों में मच्छर के लार्वा की जांच की। इनमें से 207 घरों में लार्वा मिले और 128 मकान मालिकों को नोटिस थमाए। वहीं, 265 संदिग्धों में से आठ केस पॉजिटिव मिले हैं। विभाग की ओर से लार्वा मिलने और डेंगू के केस आने के बाद संबंधित स्वास्थ्य कर्मियों को फॉगिंग करने व एंटी लार्वा गतिविधि करने के निर्देश जारी किए हैं।
उप-सिविल सर्जन डॉ. अनु शर्मा ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग ने अब तक 11,29,277 घरों को कवर कर लिया है। जिनमें से अभी तक 7373 घरों में लार्वा मिल चुके हैं और टीमों ने 3857 मकान मालिकों को नोटिस थमाया है। वहीं जिले में बुखार से पीड़ित 6295 संदिग्ध मरीजों के ब्लड सैंपल लेकर जांच की जा चुकी है। जिनमें से जिले में अब तक 202 डेंगू के केस आ चुके हैं। उन्होंने बताया कि डेंगू बीमारी की शुरुआत तेज बुखार और सिरदर्द व पीठ में दर्द से होती है।
शुरू के दिनों में शरीर के जोड़ों में दर्द होता है। आंखें लाल हो जाती हैं। डेंगू बुखार दो से चार दिनों तक होता है। उसके बाद शरीर का तापमान धीरे-धीरे अपने आप सामान्य होने लगता है। बुखार के साथ-साथ शरीर में खून की कमी होने लगती है। बुखार होने पर निकट के स्वास्थ्य केंद्र पर रक्त की जांच एवं उपचार कराएं। स्वयं से कोई दवा लेकर सेवन न करें। जनवरी में एक, फरवरी में एक, मार्च में शून्य, अप्रैल में एक, मई में एक, जून में दो, जुलाई में चार, अगस्त में 11, सितंबर 44 और अक्तूबर में 137 डेंगू के मरीज आ चुके हैं।