माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। जिला प्रशासन का दावा है कि घरेलू एलपीजी सिलिंडर की पर्याप्त आपूर्ति और स्टॉक है। किसी प्रकार की कोई परेशानी नहीं है। धरातल पर हालात जुदा दिख रहे हैं। हांसी चौक के पास इंडेन गैस की भगवाड़िया गैस एजेंसी पर वीरवार को नौ घंटे इंतजार के बाद सिलिंडर लेकर ट्रक पहुंचा। 360 सिलिंडर महज 30 मिनट में ही बंट गए। कतार में लगे काफी लोगों को बैरंग लौटना पड़ा। गुस्साए लोगों ने हंगामा किया।
एजेंसी से सिलिंडर लेने के लिए वीरवार को लोग सुबह 7 बजे से ही कतार में लगना शुरू हो गए। सुबह 9 बजे उन्हें बताया गया कि गैस सिलिंडर से भरी गाड़ी दिल्ली से चल पड़ी है और शाम को 4 बजे तक आएगी। लोग कतार में लगे रहे। ज्यादातर बुजुर्ग महिलाएं और पुरुष थे। परिजन ने उन्हें कतार में लगाया और उनके लिए बैठने की कुर्सी, पीने का पानी, छतरी और खाना तक पहुंचा दिया। करीब नौ घंटे इंतजार के बाद 360 गैस सिलिंडर से भरा एक ट्रक एजेंसी पर पहुंचा। महज 30 मिनट में पूरा ट्रक खाली हो गया। कतार में लगे करीब 40 लोगों को सिलिंडर नहीं मिला। इस पर काफी देर तक हंगामा हुआ। आखिर में अगले दिन के आश्वासन पर उन्हें शांत किया गया।
इनका कहना है
घर में बच्चे भूखे बैठे हैं। बुकिंग हो चुकी है। आज सुबह से सिलिंडर लेने के लिए कतार में खड़ी थी। गाड़ी आई लेकिन सिलिंडर नहीं मिला। कैसे खाना बनेगा। -नीभा, हांसी रोड
33 दिन पहले गैस सिलिंडर की बुकिंग करवाई थी। आज तक सिलिंडर नहीं मिला है। रोजाना एजेंसी के चक्कर काट रहे हैं। हर बार बहाना बना दिया जाता है। -अजय, देवी मंदिर
पहली बार गैस सिलिंडर की इतनी किल्लत देखने को मिली। सुबह से गैस की गाड़ी का इंतजार कर रहे हैं। अब तक ये भी नहीं पता कि गैस मिलेगी भी या नहीं। -लीला देवी, गोशाला रोड
सबसे पहले सुबह 7 बजे एजेंसी के बाहर आ गया था। एजेंसी वालों ने गेट के बाहर ताला लगा दिया। इसके बाद से ही बाहर ही इंतजार कर रहा हूं। और क्या करूं। -गोविंद, आनंद विहार
सुबह से लोग गैस सिलिंडर के लिए कतार में खड़े हैं। एजेंसी ने नहीं बताया है कि गैस कब मिलेगी। लोगों ने खाने-पीने और बैठने की व्यवस्था खुद कर ली है। -रत्तन सिंह, सदर बाजार